आगरालीक्स…दिवाली और सहालग तक गोल्ड 1.40 लाख और चांदी डेढ़ लाख तक पहुंंच सकती है. अभी खरीद सकते हैं सोना—चांदी. जानें क्या है रेट
त्योहारी सीजन और सहालग से पहले ही सोना चांदी के दाम आसमान छू रहे हैं. इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अनुसार 24 सितंबर को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना की कीमत 1,13,584 रुपये प्रति दस ग्राम रही तो वहीं चांदी भी 1,34,089 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही. इस साल सोने की कीमत में अब तक 37,422 रुपये और चांदी की कीमत में 48,072 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. 31 दिसंबर 2024 को एक किलो चांदी की कीमत 86,017 रुपये थी तो वहीं सोने की कीमत 31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम 24 कैरेट 76,162 रुपये का था.
संजय प्लेस एमजी रोड स्थित कक्कड़ ज्वैलर्स के संचालक और आगरा ज्वैलर्स एसोसिएशन के प्रेसीडेंट मधुकर कक्कड़ का कहना है कि जिस हिसाब से सोने और चांदी के दाम दीवाली से पहले ही बढ़ रह हैं उस हिसाब से आगरा में नवरात्रि पर अच्छी खऱीद होने की उम्मीद है, उनके शोरूम पर नई डिजायनों और रेंज के साथ सोने के आभूषण उपलब्ध हैं. साथ ही हीरे के आभूषणों की भी नई रेंज उपलब्ध है.
1.40 लाख रुपये तक पहुंच सकता है सोना
ऑल इंडिया जेम्स एंड जूलरी डोमेस्टिक काउंसिल के चेयरमैन संयम मेहरा ने बताया कि अनुमान है कि दिवाली और सहालग तक सोना 1.40 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 1.50 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच सकती है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी की कीमत 1,14,000 रुपये प्रति किलो को पार कर गई है, और विश्लेषकों ने 2026 तक इसे और भी बढ़ने की उम्मीद जताई है. सोने की कीमतों में भी वृद्धि की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि नवरात्रि में अभी सोना और चांदी खरीदना बेहतर रहेगा.
