आगरालीक्स…आगरा में दीपोत्सव के साथ शुरू होगा ऐतिहासिक बटेश्वर मेला. बदन सिंह खेल गांव बनेगा. जानिए मेला में क्या होगा खास
उत्तर भारत का प्रमुख मेला श्री बटेश्वरनाथ 29 अक्टूबर को शुरू होगा। इसी दिन जिला पंचायत शिव मंदिर श्रंखला के घाट पर दीपोत्सव का आयोजन करेगी। बटेश्वर मेले में पहली बार राजा बदन सिंह खेल गांव बनेगा। जिसमें विविध खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। बटेश्वर के अटल गेस्ट हाउस पर जिला पंचायत की मैराथन बैठक के बाद फतेहाबाद के पूर्व विधायक एवं जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि डॉ राजेन्द्र सिंह ने यह जानकारी दी।
बैठक में बटेश्वर मेले को भव्य और दिव्य बनाए जाने का खाका खींचा गया। लोक संस्कृति के रंग के बीच खेल और खिलाड़ियों पर ध्यान दिया गया है। डॉ राजेन्द्र सिंह ने बताया कि बटेश्वर में एक कोस लंबा बांध बनवा कर तत्कालीन भदावर नरेश बदन सिंह ने यमुना का बहाव मोड़ा था। बांध पर ही शिव मंदिर श्रंखला अवस्थित है। उनकी स्मृति में खेल गांव बनेगा। खेल गांव में 6-7 नवंबर को कबड्डी, 8-9 नवंबर को वॉलीबाल, 10-11 नवंबर को शतरंज, 12 नवंबर को लंबी कूद, 17 नवंबर को मैराथन, 20 नवंबर को कुश्ती दंगल होगा।
मैराथन बैठक के बाद परमार्थ धाम को संतो के अखाड़े के लिए देने के ब्रजेश शास्त्री के प्रस्ताव पर जिला पंचायत के एएमए उमेश चन्द ने स्थलीय निरीक्षण किया। संतों की सहमती के बाद स्थल को फाइनल टच दिया जाएगा। मैराथन बैठक में एएमए उमेश चन्द, मेला प्रभारी देवेन्द्र कुमार, जिला पंचायत सदस्य महेश कठेरिया, भाव सिंह नरवरिया, सहवीर सिंह, भाजपा के जिलामंत्री मानवेन्द्र सिंह राठौड, कैप्टन रामनरेश कठेरिया, शिव कुमार शर्मा, रामवरन कुशवाह, रविन्द्र भदौरिया, मुकेश शर्मा, अरुण दुबे, कृपा नरायन शर्मा, अल्केन्द्र सिंह जादौन आदि रहे।