आगरालीक्स…आगरा में सड़क पर मृत पड़ा मिला लकड़बग्घा (हायना). पोस्टमार्टम के लिए भेजा. वन विभाग ने की लोगों से यह अपील
सामजिक वानिकी प्रभाग के प्रभागीय निदेशक आदर्श कुमार ने बताया कि आज बाह-कचौरा मार्ग के बीच सड़क पर एक लकड़बग्घा (हायना) मृत पड़ा मिला है. सूूचना पर वनकर्मी मौके पर पहुंचे और मौके पर ही फर्द बरामदगी बनायी गयी. आशंका जताई गई कि किसी वाहन की टक्कर से इसकी मौत हुई है. मृत लकड़बग्घा (हायना) को रेंज कार्यालय बाह लाया गया है. यहां मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, आगरा द्वारा गठित पशु चिकित्सकों के पैनल द्वारा मृत लकड़बग्घा (हायना) का पोस्टमार्टम किया जा रहा है.
प्रभागीय निदेशक आदर्श कुमार ने लोगों से अपील की है कि सभी राष्ट्रीय राजमार्गों एवं मुख्य मार्गो आदि पर वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखें, ताकि किसी भी वन्य जीव के मार्ग पर आने पर वाहन को नियंत्रित कर उन्हें बचाया जा सके. उन्होंने आगे यह भी अवगत कराया है कि जनपद के अधिकतर वन क्षेत्र मुख्यतयाः बीहड़ एवं पठारी हैं, जो एक तरफ आगरा शहर तथा राजस्थान के वन क्षेत्रों से मिले हुए हैं. इस वर्ष वर्षा अधिक हुई है जिस कारण बीहड़ व पठारी के निचले भागों में पानी भरने के कारण उसमें प्रवास करने वाले वन्य जीवों का प्राकृतवास प्रभावित हुआ है. इस कारण कतिपय वन्य जीव जैसे सियार, लकड़बग्घा एवं सेही आदि सुरक्षित स्थलों की तलाश में खेतों व गाँव के किनारे पहुंच रहे हैं.