आगरालीक्स…आगरा में भाभी ने अपनी ननद को दिया खौफनाक सरप्राइज. ननद को सरप्राइज गिफ्ट देने के बहाने बुलाया और कर दिया लहूलुहान….
आगरा के थाना ट्रांसयुना क्षेत्र के राधा नगर में एक भाभी ने अपनी ननद पर चाकुओं से हमला कर उसकी जान लेने की कोशिश की. भाभी ने सरप्राइज गिफ्ट देने के बहाने अपनी ननद को कमरे में ले जाकर उसकी आंखों और हाथों को चुन्नी से बांध दिया. इसके बाद चाकू और अन्य उपकरणें से उस पर ताबड़तोड़ हमले करना शुरू कर दिया.ननद के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.ये है मामला
राधा नगर में गिरीश अग्रवाल रहते हैं जो कि आटो चलाते हैं. घर में इनकी पत्नी संगीता, बेटी प्रिया और दो बेटे शिवांशु और छोटा बेटा आलोक है. बड़े बेटे शिवांशु ने एक साल पहले कचहरीघाट पर रहने वाली पूजा से प्रेम विवाह किया है. रविवार सुबह गिरीश आटो लेकर चले गए तो शिवांशु और उसकी मां संगीता एक गमी में शामिल होने के लिए गए थे. छोटा बेटा आलोक कोचिंग चला गया. घर में सिर्फ बेटी प्रिया और पुत्रवधु पूजा मौजूद थी. प्रिया का आरोप है कि सुबह करीब नौ बजे भाभी पूजा ने उसे सरप्राइज गिफ्ट देने की बात कही. वह उसे कमरे में ले गई और उसकी आंखों व हाथों को बांध दिया. इसके बाद उस पर चाकू, तवा, चिमटा, कन्नी से हमला कर दिया. अचानक जानलेवे हमले से प्रिया बुरी तरह से चीखी तो आसपास के लोग वहां पहुंच गए. प्रिया को खून से लथपथ मरणासन्न हालत में जमीन पर पड़े देखा.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी भाभी पूजा को हिरासत में ले लिया है और गंभीर रूप से घायल प्रिया को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.हमला किस वजह से किया ये जानकारी नहीं हो पाई है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ की जा रही है. तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी.