आगरालीक्स…Agra News: वीडियो देखें, आगरा में इंडक्शन चूल्हे पर बनने लगी चाय, केरोसीन के इस्तेमाल की भी मिली अनुमति, ग्रीन गैस घटाई पीएनजी की आपूर्ति, नए कनेक्शन पर रोक। बेडई से लेकर चाय के रेट बढ़े। शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर जारी।
आगरा में कामर्शियल गैस के सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित होने के बाद होटल, रेस्टोरेंट पर संकट मंडराने लगा है। इसके साथ ही दुकानदारों ने विकल्प भी तलाशना शुरू कर दिया है। दिल्ली गेट में कामर्शियल सिलेंडर न मिलने से चाय की एक दुकान बंद रही तो एक दुकान पर इंडक्शन चूल्हे से चाय बनाना शुरू कर दिया। इसके साथ ही चाय के रेट भी बढ़ा दिए हैं, बेडई के रेट भी बढ़ने लगे हैं। ( Agra News: Induction Chulha use start in Tea Stall, PNG supply reduce, Helpline number for LPG Cylinder)
ग्रीन गैस ने घटाई पीएनजी की आपूर्ति
कामर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित होने के बाद ग्रीन गैस ने पाइप्ड नेचुरल गैस यानी पीएनजी की आपूर्ति कम कर दी है। इससे घर के साथ ही पांच सितारा होटल और रेस्टोरेंट में पीएनजी की सप्लाई प्रभावित होने लगी है। औद्योगिक ईकाईयों को गैस सप्लाई करने वाली गेल ने 30 फीसदी कटौती का नोटिस जारी किया है जबकि पीएनजी सप्लाई करने वाली ग्रीन गैस ने 20 फीसदी तक कटौती कर दी है। साथ ही पेठा ईकाईयों के संचालन के लिए नए कनेक्शन देने पर भी रोक लगा दी है।
घरेलू एलपीजी सिलेंडर की 25 दिन बाद बुकिंग
जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनपद में घरेलू गैस सिलेण्डर की कोई कमी नही है। जनपद में“घरेलू गैस सिलेंडरों की कमी“ की बात अफवाह व बेबुनियाद है। आपूर्तिकर्ता एजेंसियों के पास डीजल, पेट्रोल व घरेलू रसोई गैस एवं कामर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति व रिजर्व पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। वर्तमान में बेबुनियाद अफवाह पर, उपभोक्ताओं द्वारा अधिक बुकिंग कराने से सर्वर पर अधिक लोड होने के कारण सर्वर पर गैस बुकिंग में समस्या आ रही है,जिसे ठीक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि घरेलू सिलेण्डरों की बुकिंग एवं उसकी डिलीवरी की प्रक्रिया में परिवर्तन किया गया है। 02 सिलेंडरों की बुकिग के बीच 25 दिन का अन्तराल निर्धारित किया गया है। पेट्रोल, डीजल तथा घरेलू सिलेण्डर की जमाखोरी, कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिये सभी उपजिलाधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस एवं आपूर्ति विभाग की टीम का गठन किया गया है। यदि कोई व्यक्ति पेट्रोल, डीजल तथा घरेलू सिलेंडर की जमाखोरी करने, अफवाह फैलाने,कालाबाजारी या अवैध भण्डारण करता है तो सम्बन्धित के खिलाफ कठोरतम कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। जिला प्रशासन द्वारा सम्बन्धित किसी भी समस्या,जानकारी हेतु हेल्पलाइन नंबर, 0562-2972453 जारी किया गया है।