आगरालीक्स…आगरा में नई लोहामंडी बनाने की मांग..लोहा व्यापारियों की पीड़ा, बोले—अधिक भीड़ से बड़े व्यापारी नहीं आते बाजार. आनलाइन ट्रेडिंग से घट रहा व्यापार, जीएसटी का अलग उत्पीड़न
आगरा लोहा व्यापारी एसोशिएशन की ओर से साधारण सभा की बैठक का आयोजन शनिवार को दयालबाग स्थित द ग्रांड सेलेब्रेशन रेसॉर्ट में किया गया। अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने कहा कि साधारण सभा की बैठक में जिले भर के व्यापारियों ने लोहे के व्यापार में आ रही मंदी, जीएसटी में एसआईबी की टीम का व्यापारियों के प्रतिष्ठान पर पहुँचने तथा ऑनलाइन ट्रेडिंग से प्रभावित होते व्यापार पर मंथन किया। लोहा व्यापार पिछले छह माह से अस्तित्व की लड़ाई लग रहा है। बड़ी-बड़ी कंपनियों के सीधे ऑनलाइन आर्डर बुक करने से लोहा व्यापार से जुड़े मजदूरों और व्यापारी पर भुखमरी का संकट गहराता जा रहा है। कंपनियों को व्यापार और व्यापारी के हित में ऑनलाइन व्यापार को बंद करना होगा।महासचिव दिनेश अग्रवाल ने कहा कि जीएसटी से व्यापारियों के उत्पीड़न पर अंकुश लगाया जाये। सरकार का कहना था कि एक लाख करोड़ का कर संग्रह हो जायेगा तो जीएसटी में व्यापारियों को राहत देंगे पर ऐसा कुछ भी नहीं हुआ, बल्कि आये दिन छोटा व्यापारी विभागीय समस्या से ही जूझता रहता है। लोहा मंडी अत्यधिक भीड़भाड़ वाले इलाके में होने की वजह से बड़ा व्यापारी बाजार में नहीं आता है। शासन व प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से व्यापारियों के लिए आगरा में नई लोहा मंडी की स्थापना की मांग करते है। जहाँ पर भारी वाहनों के आवागमन में कोई असुविधा ना आये।
कोषाध्यक्ष राकेश कुमार गोयन ने कहा कि लोहा व्यापार भारी रुपयों का व्यापार है इसमें व्यापारी को कोई सुरक्षा नहीं दी जाती है। अतः व्यापारी को सुरक्षा की दृष्टि से शस्त्र लाइलेंस दिए जाये। करदाता व्यापारी को आजीवन पेंशन की व्यवस्था सरकार करे। व्यापारी के स्वास्थ्य के लिए उघमी स्वास्थ्य बीमा दें। इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेन्द्र मंगल, अंजुल जैन, संजय गोयल, आशीष अग्रवाल, मोहित गोयल, सिद्धार्थ जैन, गिरीश मंगल, विपुल जैन, मनोज जैन, पदम अग्रवाल, पवन गोयल, रामसेवक गोस्वामी, उमेश अग्रवाल, नवीन अग्रवाल, योगेश अग्रवाल, शिवम् अग्रवाल, गिरीश गर्ग आदि मौजूद रहे।