आगरालीक्स…हमारे पास कोई भी दवाई की कमी नहीं है, स्टोर में सभी दवाएं उपलब्ध. आगरा के जिला अस्पताल में निरीक्षण करने पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक—बोले नहीं होने देंगे मरीजों को कोई परेशानी
शनिवार को आगरा आए डिप्टी सीएम ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मरीजों का हालचाल जाना और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए. इसके बाद उन्होंने मीडिया को संबोधित किया.

दवाओं की पूरी उपलब्धता
डिप्टी सीएम ने कहा कि हेल्थ सेक्टर में बेहतर से बेहतर सुविधाएं लोगों को मिले. उसके लिए कोई भी कमी नहीं रहने दी जाएगी. हमारे पास कोई भी दवा की कमी नहीं है. स्टोर में सभी दवाएंउपलब्ध हैं. ये सख्त निर्देश है कि सभी अस्पतालों में सभी दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ हर स्थिति में किसी भी मरीज को अस्पताल में संतुष्ट करके हमे वापस भेजना है. हर अस्पताल में मरीजों को हम संतुष्ट करेंगे और मरीजों को कोई परेशानी नहीं होने देंगे.
उपमुख्यमंत्री ने ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, सर्जरी वार्ड महिला, बच्चों के वार्ड, सहित संपूर्ण परिसर का भ्रमण कर जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों व उनके तीमारदारों से दवाई की उपलब्धता, बाहर से दवाई खरीद, उपलब्ध कराए जा रहे खाने की गुणवत्ता, समय से डॉक्टरों व नर्स द्वारा चिकित्सा एवं देखभाल के बारे में जानकारी ली, जिसमें बताया गया कि समय से डॉक्टर व नर्स द्वारा उपचार किया जा रहा है, खाना भी समय से मिल रहा है तथा अस्पताल से दवाएं भी प्रदान की जाती हैं।
इसके बाद स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की, बैठक में जिला अस्पताल के सीएमएस को तलब किया तथा अस्पताल में उच्च स्तरीय साफ सफाई न होने, अस्पताल भवन की रंगाई पुताई तथा अनावश्यक स्क्रैप आदि का पड़े होने आदि पर कड़ी नाराजगी जताई तथा रोगी कल्याण समिति के अंतर्गत उपलब्ध धनराशि का ब्यौरा तलब किया, खाते में पर्याप्त राशि उपलब्ध होने पर भी मरीजों व उनके तीमारदारों को सुविधाएं उपलब्ध न कराने पर सीएमएस से जवाब तलब किया तथा माउपमुख्यमंत्री ने उपलब्ध राशि से भवन की रंगाई पुताई फर्श, चहारदीवारी आदि की मरम्मत, तथा मरीजों हेतु अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु जिलाधिकारी को अपनी देख रेख में योजना बनाकर कार्य कराए जाने के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने अस्पताल की छतों पर पड़े स्क्रैप, वाहनों का निस्तारण कराने,उच्च स्तर की साफ सफाई सुनिश्चित करने,उपलब्ध सभी जांच अस्पताल में ही करने, जो जांच मशीन खराब हैं उनकी मरम्मत कराने तथा मरीजों और तीमारदारों को अस्पताल में उपलब्ध सुविधा की जानकारी देने व सहायता को 02 कर्मचारी प्रवेश द्वार पर तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दवाओं की कोई कमी नहीं है, जिलों से मांग करने पर समस्त दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, डाक्टरों द्वारा बाहर से दवा दवा लिखे जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक यानी प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से लेकर महात्मागांधी जयंती को लेकर हम लोग सेवा पखवाड़ा मनाने जा रहे हैं. इसमें सभी विभागों के समन्वय के साथ सेवा पखवाड़ा संपन्न होगा. स्वास्थ्य विभाग की अधिक जिम्मेदारी है जिसमें रक्तदान शिविर और हैल्थ कैम्प बड़ी संख्या में लगाए जाएंगे.
समाजवादी पार्टी पर साधा निशाना
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सपा के शासनकाल में गुंडे,लफंबों का बोलबाला था. सपा ने पूरे प्रदेश को अपहरण का अड्डा बना दिया था लोगों का जीना दुश्वार हो गया था लेकिन योगी जी की सरकार में अपराधी जेल में हैं या प्रदेश छोड़कर भाग गए हैं. उन्होंने कहा कि 2027 में भी योी सरकार बंपर जीत के साथ वापसी करेगी.