आगरालीक्स…Agra News आगरा में एडीए का 1757 करोड़ के बजट को स्वीकृति. नई टाउनशिप की लांचिंग का महीना घोषित. प्लॉटों की होगी बिक्री. 50 प्रतिशत जमा करने पर ही प्लॉट और भवन पर मिलेगा कब्जा.. (Kakua Bhandai Township Launching May 2025, ADA Rs. 1757 Crore budget for 2025-26)
आगरा में मंगलवार को आगरा विकास प्राधिकरण की 147वीं बोर्ड बैठक हुई। एडीए का बजट पेश किया गया इसमें राजस्व और पूंजीगत आय लगभग 1757.60 करोड़ और व्यय हेतु 1140.75 करोड़ का प्रावधान किया गया। प्रस्तावित बजट को अनुमोदित कर दिया गया। वहीं ककुआ भांडई में 138 हेक्टे में से लगभग 132 हेक्टे भूमि का अधिग्रहण किया जा चुका है। इसी माह में पूरी भूमि क्रय की कार्यवाही की जाए। ककुआ-भांडई योजना को लाॅन्च करने पर एडीए उपाध्यक्ष द्वारा मई माह में उक्त योजना को लाॅन्च करने का दावा किया गया। ग्यारह सीढ़ी पार्क में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराये जाने के निर्देश दिए। शास्त्रीपुरम हाईट्स परियोजना के टू, थ्री एवं फोर बीएचके फ्लैट की बिक्री हेतु एजेंसी का चयन कर लिया गया है। लक्ष्य निर्धारित कर जल्द बिक्री शुरू किए जाने के निर्देश दिए। ग्राम रायपुर-रहनकलां में 442 हेक्टे अधिग्रहित भूमि हेतु विशेष अध्याप्ति अधिकारी, आगरा द्वारा निर्धारित प्रतिकर की धनराशि का भुगतान व अनुग्रह राशि का भुगतान तथा वित्तीय संस्थानों से ऋण लिए जाने हेतु परिचालन के माध्यम से बोर्ड द्वारा प्रस्ताव रखा गया। प्रस्ताव को अनुमोदित किया गया।
50 प्रतिशत धनराशि जमा करने पर मिलेगा कब्जा
एडीए द्वारा आंवटित ईडब्ल्यूएस भवनों को 50 प्रतिशत धनराशि जमा करने के उपरान्त भवन का भौतिक कब्जा दिए जाने के संबंध में प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। कारण बताया गया कि आंवटी द्वारा किश्तें जमा करने के दौरान भवनों का कब्जा देने तक प्राधिकरण को उक्त भवनों का सामान्य रूप से अनुरक्षण एवं चौकीदारी करनी पड़ती है। प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गयी। ताजनगरी द्वितीय चरण स्थित एडीए हाईट्स परियोजना के अन्तर्गत रिक्त समस्त फ्लैटों को प्रथम आवत-प्रथम पावत के तहत विक्रय/आवंटन किए जाने का प्रस्ताव रखा गया। प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गयी।
रेन वॉटर हार्वेस्टिंग के निर्धारित किए रेट
बाह्य विकास शुल्क दरों में काॅस्ट इंडेक्स के आधार पर वृद्धि के संबंध में प्रस्ताव रखा गया। प्रति वर्ग मीटर पर लगभग 102 रूपये की वृद्धि की गयी। चर्चा उपरांत प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गयी। आगरा विकास क्षेत्र के अन्तर्गत स्वीकृत होने वाले मानचित्रों में रेनवाटर हार्वेस्टिंग पर होने वाले वास्तविक व्यय की प्रतिपूर्ति के सम्बंध में प्रस्ताव रखा गया। प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गयी। जिसके बाद अब धनराशि को पूर्णांक करते हुए 300 से 500 वर्ग मी के भूखण्डों पर 3,37,500 रू, 500 से 1000 वर्ग मी पर लगभग 6 लाख रू और 1000 वर्ग मी से अधिक क्षेत्रफल के भूखण्डों पर लगभग 10 लाख रू की धनराशि जमा करनी होगी।
पेट्रोल पंप और होटलों के लिए मानकों में बदलाव
भवन निर्माण एवं विकास उपविधि-2008 (यथा संशोधित) में नगरीय क्षेत्रों में पेट्रोल पम्प/फ्यूल स्टेशन स्थापित करने के लिए (भूखण्ड का आकार) मानकों में संशोधन के सम्बन्ध में प्रस्तुत किए गये प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गयी। भवन निर्माण एवं विकास उपविधि-2008 (यथा संशोधित-2023) के (होटल निर्माण हेतु अपेक्षाए) से सम्बन्धित अध्याय-5 में संशोधन के सम्बन्ध में। प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गयी। आवासीय क्षेत्रों में 20 कमरों तक के होटल के लिए पहंुच मार्ग की न्यूनतम चौड़ाई 9 मीटर, 20 कमरों से अधिक हेतु 12 मीटर जबकि गैर आवासीय क्षेत्रों में सभी प्रकार के होटल के लिए मार्ग की न्यूनतम चौड़ाई 12 मीटर होगी।
आय बढ़ाने के दिए निर्देश
ताजनगरी प्रथम चरण शहीद नगर, इंदिरापुरम एवं नेहरू एन्कलेव योजना के जलापूर्ति को हस्तान्तरण किए जाने को लेकर निर्देश दिए कि अगली बोर्ड बैठक से पूर्व हस्तान्तरण की प्रक्रिया पूरी की जाए अन्यथा संबंधित की जिम्मेदारी तय होगी। एडीए द्वारा ताजमहल, आगरा किला, सिकन्दरा, एत्माद्दौला और फतेहपुर सीकरी पर लिए जा रहे पथकर की दरों में वृद्धि हेतु शासन में भेजे गए पत्र का कोई जबाव न आने पर अनुस्मारक पत्र भेजने के निर्देश दिए। अर्बन सीलिंग में एडीए एवं राजस्व टीम द्वारा संयुक्त रूप कार्यवाही करते हुए सभी रिक्त भूमि पर कब्जा लेने तथा बोर्ड लगाए जाने के निर्देश दिए। शमन शुल्क (समाधान) एवं वांछित एनओसी की अद्यतन स्थिति की जानकारी हेतु विगत बैठक में साॅफ्टवेयर तैयार करने के दिए गये निर्देश के अनुपालन में अवगत कराया कि साॅफ्टवेयर तैयार कर लिया गया है। संबंधित अधिकारियों की आईडी जनरेट होते ही एक्टिव कर दिया जाएगा।