आगरालीक्स…Agra News आगरा में अब हाउस टैक्स और जलकल के बिलों ने उड़ाए होश. आरबीएस टैक्निकल पर 4 करोड़ से अधिक का बकाया तो संजय प्लेस की 70 दुकानों को सीलिंग की चेतावनी (Now house tax and water bills in Agra have shocked everyone, final notice issued to big defaulters)
आगरा में अब हाउस टैक्स और जल व सीवर के टैक्स को वसूलने के लिए नगर निगम की ओर से बड़े बकायेदारों को नोटिस जारी किया जा रहा है.
जलकल विभाग ने जारी किया नोटिस
जलकर विभाग की ओर से आरबीएस टेक्नीकल कॉलेज केयर ऑफ मैनेजिंग कमेटी आरबीएस कॉलेज, आगरा (बकाया धनराशि 4,18,30,996/- रूपये), बलवंत एजुकेशनल सोसायटी, डिग्री कॉलेज, आगरा (बकाया धनराशि 6,35,13,515/-रूपये), राजा बलवंत एजुकेशनल सोसायटी, आगरा (बकाया धनराशि 90,57,795/- रूपये) को 02 दिवस में भुगतान करने हेतु अन्तिम नोटिस जारी किया गया है. यदि उपभोक्ताओं द्वारा 02 दिवस में जलकल बकाये का भुगतान नहीं किया जाता है तो सम्बन्धित सम्पत्तियों का जल/सीवर संयोजन विच्छेदित करते हुए, उप्र वाटर सप्लाई एवं सीवरेज एक्ट-1975 की धारा-64(1) में उल्लेखित प्रावधान के अन्तर्गत बकाये वसूली के सम्बन्ध में जिलाधिकारी के माध्यम से भू-राजस्व के रूप में उप्र राजस्व संहिता 2006 के अधीन सम्पत्ति/बैंक खाते आदि को सीज करने की कार्यवाही की जायेगी.
संजय प्लेस में 70 दुकानों को चेतावनी
हरीपर्वत जोन स्थित संजय प्लेस मेंकपड़ा और जूता मार्केट में 400 से अधिक दुकानदार कारोबार हैं. इनमें से बड़ी संख्या में दुकानदारों की ओर से हाउस टैक्स जमा नहीं किया गया है. कपड़ा मार्केट में अभी तक 105 दुकानदारों को नोटिस भेज कर बकाया जमा करने को कहा गया है. इनमें से 35 ने तो हाउस टैक्स जमा करा दिया लेकिन 70 कारोबारी अभी ऐसे हैं जिन्होंने नोटिस का कोई संज्ञान नहीं लिया है. इन कारोबारियों पर एक करोड़ से अधिक का गृहकर बकाया चला आ रहा है. कर अधीक्षक अक्षय कुमार के अनुसार इन सभी दुकानों को अंतिम चेतावनी देते हुए नोटिस चस्पा कर सीलिंग की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.