आगरालीक्स…आगरा के बाजारों में शुरू हुई करवाचौथ की शॉपिंग. कपड़ा, ज्वैलरी मार्केट गुलजार. बाजारों में पहला संडे होगा हाउसफुल
शारदीय नवरात्रि और दशहरा के बाद अब आगरा के मार्केट शॉपिंग के लिए पूरी तरह से तैयार हो गए हैं. आकर्षक रोशनी और नई वैरायटी के साथ फेस्टिव सीजन की शुरुआत अब दमदार तरीके से होगी. खासकर कपड़ा और ज्वैलरी मार्केट के बाजारों में रौनक छाने लगी है. कल इस सीजन का पहला संडे है जो कि बाजारों में ग्राहकों की मौजूदगी से हाउसफुल हो सकता है.
करवाचौथ की शॉपिंग
दिवाली से पहले करवाचौथ है. बाजारों में आज भी दिनभर खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ लगी रही. महिलाओं की मौजूदगी श्रृंगार, कपड़े व गिफ्ट से जुड़े उत्पादों की दुकानों पर रही. कल संडे दुकानदारों के लिए बहुत अच्छा हो सकता है. छुट्टी होने के कारण लोग खरीदारी करने के लिए निकलेंगे. करवाचौथ को लेकर बाजारों से जरूरी पूजा और श्रृंगार की सामग्री की खरीदारी भी शुरू हो गई है. तरह—तरह की चूड़ियां, कपड़े, श्रंगार एवं पूजा के सामान से बाजार सज गए हैं.
करवाचौथ को लेकर बाजारों में भीड़ बढ़ने से व्यापारी भी उत्साहित दिखाई दे रहे हैं. इस दौरान कुछ महिलाएं रंग बिरंगी चूड़ियों की खरीदारी में लगी रहीं तो कुछ मेहंदी लगाने के पति के पसंदीदा डिजाइन को ढूंढ रही थीं.