आगरालीक्स…आगरा में छह दिन से लापता पालतू तोता मिल गया है. मुंह ढंककर आये एक व्यक्ति ने 50 हजार रुपये लिये और तोता दे दिया…शहर में लगे थे लापता तोता के होर्डिंग
आगरा के कान्हा जी रेजीडेंसी आवास विकास कॉलोनी निवासी इनकम टैक्स के वकील सुनील सिंह का एक पालतू तोता इंडियन रिंगनेक माऊ 13 जुलाई को शाम साढ़े चार बजे अचानक से उड़कर चला गया था. तेज हवा चलने के कारण वह आवास विकास सेक्टर चार की तरफ चला गया. उसकी तलाश की लेकिन वह नहीं मिला. इसके बाद लापता तोता के होर्डिंग शहर में लगा दिए गए जिसमें तोता का पता लगाने वाले को 50 हजार रुपये का इनाम देने की बात लिखी गई थी.वीडियो कॉल से की तोते की पहचान
छह दिन बाद आज रविवार सुबह सुनील के मोबाइल पर फोन आया. फोन करने वाले ने बताया कि वह शास्त्रीपुरम इंडस्ट्रियल एरिया में है. वह अपना पालतू तोता माऊ आकर ले जाए. सुनील ने भरोसा करने के लिए वीडियो कॉल करने के लिए कहा. उस व्यक्ति ने वीडियो कॉल कराई. सुनील ने माऊ को पहचान लिया. उस व्यक्ति ने 50 हजार रुपये देकर माऊ को सौंपने की बात कही . शर्त भी रखी कि वह अपनी पहचान गोपनीय रखेगा और 50 हजार रुपये लेने के बाद ही माऊ को वापस देगा. सुनील तैयार हो गए और शास्त्रीपुरम इंडस्ट्रियल एरिया पहुंच गए. वहां उस व्यक्ति् को 50 हजार रुपये दिये. व्यक्ति का चेहरा कपड़े से ढंका हुआ था. उन्होंने माऊ की पहचान की और फिर उसे अपने साथ लेकर आ गए.
घर में खुशी का माहौल
अधिवक्ता सुनील को एक साल पहले घर के पास पेड़ टूट जाने पर तोते का बच्चा मिला था. उस तोते को बच्चे को पाल लिया और नाम माऊ रखा. इसके बाद से वह घर का हिस्सा बन गया. उनके परिवार में पत्नी ममता और दो बच्चे माऊ को परिवार का सदस्य मानते थे. तोता भी उन सभी को नामों से संबोधित करता था. होर्डिंग लगने के बाद से लगातार उनके पास फोन आए थे. लोगों ने दावा किया कि उनके पास तोता है लेकिन वे दावे फर्जी निकले. अब छह दिन बाद तोता मिलने से घर में खुशी का माहौल है.
माऊ की तलाश के लिए 10 होर्डिंग लगाए गए थे और 15 हजार पैम्पलेट बांटे गए थे. करीब डेढ़ लाख रुपये खर्चा किया, जब माऊ मिल गया तो पहले उसे डॉक्टर को दिखाया. फिर उसे घर ले जाकर उसकी पसंद का देशी घी का डोसा और फल दिए गए. तोता के बारे में बताने के लिए करीब 1500 कॉल आईं. करीब डेढ़ सौ वीडियो फुटेज लोगों ने भेजे.