आगरालीक्स …Agra News: आगरा कॉलेज में प्राचार्य और शिक्षकों के बीच विवाद तूल पकड़ता जा रहा है, कल होने वाले स्टाफ क्लब के चुनाव स्थगित, प्राचार्य के बाद शिक्षकों ने भी थाने में दी तहरीर।
आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीके गौतम और शिक्षकों के बीच बुधवार को विवाद हो गया था। एक दूसरे पर अपशब्द कहने, अभद्रता करने के आरोप लगाए थे। प्राचार्य प्रो. सीके गौतम ने शिक्षकों पर अभद्रता के आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी तो गुरुवार को शिक्षकों ने भी प्राचार्य पर अभद्रता के आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दे दी। हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
कल होना था स्टाफ क्लब चुनाव के लिए मतदान, स्थगित
आगरा कॉलेज के स्थायी शिक्षकों की एसोसिएशन स्टाफ क्लब के हर दो साल बाद चुनाव होते हैं। सचिव सहित नौ पदों के लिए 18 अगस्त को नामांकन हुआ, इसमें 14 नामांकन किए गए। 22 अगस्त को मतदान होना था और स्टाफ क्लब के 158 शिक्षक सदस्य मतदान करते लेकिन कॉलेज में प्राचार्य और शिक्षकों के बीच चल रहे विवाद के बाद चुनाव अधिकारी प्रो. डीसी मिश्रा सहित दो अन्य चुनाव अधिकारियों ने स्टाफ क्लब के 22 अगस्त को होने वाले मतदान को स्थगित करने के आदेश जारी किए हैं।