आगरालीक्स…मनकामेश्वर क्षेत्र में विकास का डमरू बजा तो चौंक गए भोले के भक्त, सुबह महादेव के दर्शन को जाने वालों ने पहले विशालकाय डमरू को प्रणाम किया
आगरा में मन:कामेश्वर मंदिर कॉरिडोर का निर्माण कार्य चल रहा है। आज सुबह यहां महादेव के दर्शन से पहले लोगों ने डमरू के दर्शन किए।
आगरा में भगवान शिव के मन:कामेश्वर मंदिर के कॉरिडोर का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। यहां पीपलमंडी चौराहे से मंदिर की ओर जाने पर भोले के भक्त आज सुबह उस वक्त चौंक गए जब उन्हें शिव का डमरू नजर आया। दरेसी की ओर भव्य गेट का निर्माण कार्य भी चल रहा है, जिसे लाल बलुई पत्थर से बनाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि भगवान शिव के प्राचीन मंदिर मन:कामेश्वर मंदिर पर नगर निगम ने कॉरिडोर का निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। काशी विश्वनाथ मंदिर की तर्ज पर 3.54 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे कॉरिडोर में कोबल स्टोन लगाया जाएगा, वहीं मंदिर तक जाने वाली सभी सड़कों पर लाल पत्थर से निर्माण किए जाएंगे।
मंदिर के सामने स्टील की रेलिंग से भीड़ प्रबंधन किया जाना है, जबकि यमुना किनारा और दरेसी की ओर से मंदिर जाने वाले भक्तों के लिए भव्य गेट बनाया जाएगा। पार्षद रवि माथुर ने बताया कि तिकोनिया पर जहां शनि मंदिर है वहां लाल पत्थर से काम चल रहा है। सडक के दोनों ओर पटरी और फर्श भी लाल पत्थर से बनाया जाना है।