आगरालीक्स…आगरा में दिवाली को लेकर बाजार हुए गुलजार. लड़कियों को सिल्क की साड़ियां और लहंगे तो लड़कों में डिजाइनर कुर्तों की डिमांड सबसे अधिक…सजावट के सामान की खरीदारी भी बढ़ी
आगरा में दिवाली को लेकर बाजार सज गए हैं. लोगों में काफी उत्साह भी नजर आ रहा है. कपड़ों से लेकर घर की सजावट से जुड़े सामानों के साथ ही इलैक्ट्रॉनिक आइटम्स की जमकर खरीदारी की जा रही है. पुराने बाजारों में तो भीड़ इतनी अधिक है कि जाम लग जा रहा है. किनारी बाजार और सुभाष बाजार की तरफ भारी वाहनों को रोका जा रहा है जिससे कि जाम न लगे. साड़ियों की दुकानों से लेकर रेडीमेड गारमेंट्स की दुकानों में भी जबर्दस्त भीड़ है.
आगरा के सुभाष बाजार, किनारी बाजार, सिंधी बाजार, राजेंद्र मार्केट, राजा की मंडी, शाहगंज, कमला नगर, बल्केश्वर आदि बाजारों में काफी रौनक देखी जा रही है. सुबह से ही दीवाली के लिए ड्राई फ्रूट, रंगोली का सामान खरीदने के लिए लोग बाजार पहुंच रहे हैं. ज्वैलरी आदि की भी खरीदारी जमकर हो रही है. कपड़ों की दुकानों पर तो सुबह से ही खरीदार पहुंच रहे हैं. शाम होने के बाद तो भीड़ अधिक हो रही है. यही कारण है कि देर रात तक बाजार भी खुल रहे हैं.
कपड़ों में एक ओर जहां लड़कियों और महिलाओं को सिल्क की साड़ियां पसंद आ रही हैं तो वहीं लहंगे की डिमांड भी बहुत ज्यादा है. इधर लड़के भी अपने लिए डिजाइनर कुर्ते सबसे अधिक पसंद कर रहे हैं.
साजों सामान की भी बिक्री बढ़ी
दीवाली से पहले लोग अपने घरों को अच्छी तरह से सजाना पसंद कर रहे हैं. ऐसे में सजावट के सामान की भी जमकर बिक्री हो रही है.