आगरालीक्स…आगरा के सेंट जॉन्स, आगरा कॉलेज, आरबीएस में एडमिशन के लिए 12वीं में मिले अंकों से निर्धारित होगी मैरिट. दो बेटियां होने पर एक की फीस होगी माफ. प्रवेश समिति की बैठक में कई अहम निर्णय…
डॉ भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की प्रवेश समिति की बैठक शनिवार को पालीवाल पार्क कैंपस स्थित बृहस्पति भवन में संपन्न हुई. विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशुरानी की अध्यक्षता में संपन्न हुई बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए. विश्वविद्यालय कुलसचिव डॉ विनोद कुमार सिंह ने बताया कि इस बार वेब रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को सरल और अपडेट किया गया है. विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए स्नातक में न्यूनतम अंक 45% अनिवार्य किए गए हैं. विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक परीक्षा के साथ लिखित परीक्षा में भी पृथक-पृथक रूप से पास होना अनिवार्य होगा.

पाठ्यक्रम पूर्ण करने की अवधि नई शिक्षा नीति के अनुरूप ही लागू की जाएगी. सीएम योगी आदित्यनाथ की घोषणा के अनुपालन में एक ही माता-पिता की दो पुत्रियों में से एक की ट्यूशन फीस माफ की जाएगी. स्नातक कक्षाओं बीए, बीएसएफ और बीकॉम में प्रवेश 12वीं में प्राप्त अंकों से निर्धारित मैरिट से लिया जाएगा. विश्वविद्यालय में यूजीसी से मान्यता प्राप्त ओपन और दूरस्थ पाठ्यक्रमों को विश्वविद्यालय में मान्य किया जाएगा. बैठक में विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति प्रो अजय तनेजा, डीन अकादमिक प्रो संजीव कुमार और परीक्षा समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे.