आगरालीक्स…आगरा मंडल के रेलवे स्टेशनों पर एक महीने में टिकट चैकिंग में पकड़े गए 39 हजार से अधिक लोग. रेलवे ने 2.34 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला
यात्रियों को बेहतर सेवा देने के लिए संकल्पित आगरा रेल मंडल द्वारा निरंतर सर्वोत्तम प्रयास किए जा रहे हैं जिसके चलते रेल राजस्व में भी वृद्धि हो रही हैं. मंडल रेल प्रबंधक आगरा तेज प्रकाश अग्रवाल के मार्गदर्शन में व वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हृषिकेश मौर्या के नेतृत्व में चल रही टिकट चेकिंग के कार्य में वाणिज्य विभाग की टिकट चेकिंग टीम द्वारा अप्रैल माह- 2025 में रु. 2.34 करोड़ का राजस्व अर्जित किया है. आगरा रेल मंडल मे बिना टिकट,अनियमित टिकट धारक, बिना बुक्ड लगेज,आदि के जरिए न सिर्फ अनाधिकृत यात्री व अनियमित गतिविधियों को रोकने का प्रयास किया जा रहा है बल्कि विभिन्न आय स्रोतों से अधिक आय अर्जन हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे है .वाणिज्य विभाग की टिकट चेकिंग टीम ने अप्रैल- 2025 में बिना टिकट 19755 केस पर 1.39 करोड़ रू, अनियमित टिकट 19296 केस पर 94.84 लाख, बिना बुक्ड लगेज यात्रा करने वाले 10 केस पर 14420 रु. जुर्माना लगाया गया जिनसे कुल 39061 प्रकरण दर्ज किए, जिनसे जुर्माना स्वरूप रु. 2.34 करोड़ का राजस्व वसूल किया गया.
जनसंपर्क अधिकारी कु. प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि भविष्य में भी मंडल द्वारा रेलवे स्टेशनों एवं आरक्षित/अनारक्षित यात्री गाडि़यों में नियमित रूप से सघन टिकट जाँच कराई जायेगी ताकि बिना टिकट/ अनाधिकृत यात्रियों की यात्रा पर अंकुश लगाया जा सके. सभी यात्रियों से अनुरोध किया जाता है की वैध टिकट लेकर ही यात्रा करे.