आगरालीक्स….आगरा रीजन में 200 से अधिक होटल संचालकों को नोटिस. हाइवे के आसपास बने होटलों को भी नोटिस. मच गई खलबली…
आगरा रीजन के मथुरा वृंदावन में आवासीय के रूप में नक्शा पास कराकर होटल के रूप में उपयोग करने वाले 200 से अधिक होटल संचालकों को मथुरा—वृंदावन विकास प्राधिकरण ने नोटिस जारी किया है. नोटिस मिलने के बाद संचालकों में खलबली मच गई. पूर्व में वृंदावन के एक होटल को भी इसके चलते सील किया गया था.
बताया जाता है कि इन होटलों में फ्लैट की तरह कमरे बनाए गए हैं. इनमें ज्यादा होटल रुक्मिणी विहार और परिक्रमा मार्ग पर हैं. विकास प्राधिकरण ने इन होटल संचालकों से पूछा है कि आपका होटल किस श्रेणी में पास है. इसी तरह छटीकरा और आगरा दिल्ली हाइवे के आसपास भी आवास के नाम पर कई स्थानों पर होटलों की सुविधा दी जा रही है. प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नगेंद्र प्रताप ने बताया कि नोटिस मिलने के बाद यदि होटल संचालक संतोषजनक जवाब नहीं देते हैं तो उन्हें सील कर दिया जाएगा.