आगरालीक्स…ताजमहल पर अब आनलाइन टिकट वालों को भी मिलेंगे शू कवर. विदेशी पर्यटकों को वेलकम किट और आगरा फोर्ट के सामने पार्किंग ग्राउंड को विकसित करने के भी निर्देश…
मण्डलायुक्त अमित गुप्ता की अध्यक्षता में बुधवार को आगरा विकास प्राधिकरण के तत्वावधान में पथकर सलाहकार समिति की 34वीं बैठक आयुक्त सभागार में सम्पन्न हुई।
बैठक में पथकर निधि वित्तीय वर्ष 2022-23 की प्राप्तियां एवं व्यय व अवशेष राशि का विवरण दिया गया, तत्पश्चात समिति की विगत 33वीं बैठक की अनुपालन आख्या मण्डलायुक्त महोदय के समक्ष रखी गई, जिसमें ताजगंज परियोजना का अनुरक्षण का कार्य, आगरा किला के सामने स्थित पार्किंग ग्राउण्ड को विकसित करने, ताजमहल पर विदेशी पर्यटकों हेतु वेलकम किट की आपूर्ति एवं वितरण का कार्य एएसआई के माध्यम से कराने, विभिन्न ऐतिहासिक स्मारकों पर सूचना बोर्ड, मार्गदर्शक बोर्ड लगाना व अन्य अवस्थापना सुविधाओं, सीसीटीवी लगाने, रेट्रो रिफ्लैक्टिव बोर्ड, पर्यटक सूचना केंद्र/गाइड डेस्क लगाने, पथ प्रकाश व्यवस्था अनुरक्षण, मरम्मत, सुदृढ़ीकरण, अस्थाई सुलभ शौचालय, फुटपाथ निर्माण, मरम्मत व सौन्दर्यीकरण, मोक्षधाम, नगर निगम को शीघ्र हस्तान्तरण हेतु कार्य की समीक्षा की गई तथा उचित दिशा-निर्देश दिये गये।

जी-20 प्रतिनिधिमण्डल आगमन के समय कराए गए विभिन्न कार्यों के भुगतान के निर्देश दिए गए। बैठक में ताजमहल पर ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन टिकट लेने वालों को भी शू-कवर टिकट काउंटर पर उपलब्ध कराने, उचित साफ सफाई हेतु मण्डलायुक्त द्वारा निर्देशित किया गया। बैठक में जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल, एडीए उपाध्यक्ष चर्चित गौड़, गरिमा सिंह, नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल, संयुक्त निदेशक पर्यटन अविनाश मिश्रा, उपनिदेशक उद्यान कौशल किशोर आदि मौजूद रहे।