आगरालीक्स…आगरा में भीषण गर्मी ने किया हर किसी को बेहाल. आसमान से बरस रहे अंगारे. स्कूलों ने भी नया टाइम किया जारी….लेकिन मौसम बदलने के भी आसार
आगरा में भीषण गर्मी ने हर किसी को बेहाल कर दिया है. दिन में पड़ रही धूप में निकलने पर ऐसा लग रहा है जैसे आसमान से अंगारे बरस रहे हों. सुबह 9 बजे के बाद से ही धूप की तीव्रता इतनी अधिक हो जाती है कि एक पल भी ठहरना मुश्किल हो जा रहा है. दिन में 12 बजे के बाद तो लू जैसी कंडीशन हो रही है. घरों और आफिसों में लोग कूलर और एसी में ही बैठकर दिन गुजार रहे हैं. मजबूरी में ही लोग दिन के समय घर से बाहर निकल रहे हैं.
आगरा में भीषण गर्मी के कारण स्कूलों ने भी अपना टाइम बदल दिया है. अब अधिकतर स्कूलों ने सुबह 7 बजे से दोपहर साढ़े 12 बजे तक की टाइमिंग कर दी है. इससे पहले स्कूलों की टाइमिंग दोपहर दो बजे तक थी लेकिन भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन द्वारा टाइम बदलने के आदेश जारी किए गए जिसके बाद स्कूलों का टाइम बदला गया.

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को आगरा का अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और ये भी सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा.
मौसम विभाग ने एक बार फिर से आगरा का मौसम बदलने का आसार जताए हैं. बादल छाने के कारण दिन के तापमान में थोड़ी कमी आ सकती है, लेकिन रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी, जिससे गर्मी से राहत मिलने की संभावना न के बराबर है.