आगरालीक्स…आगरा में अब वृद्धा पर गाय ने किया हमला. पेट में सींग मारकर घसीटते हुए ले गई. गंभीर रूप से घायल…
आगरा में आवारा गोवंश के हमले आए दिन हो रहे हैं. हाल ही में कमला नगर में रहने वाले एक व्यक्ति को तेज गति से दौड़कर आए सांड़ ने अपनी चपेट में ले लिया था. इससे साइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में उपचार के दस दिन बाद उसकी मौत हो गई. अब नया मामला शाहदरा से आया है.

शाहदरा के इंदिरा ज्योति नगर में 70 साल की बुजुर्ग आशा देवी आज सुबह अपने घर के बाहर खड़ी थीं. तभी वहां एक गाय आ गई. आशा देवी के बेटे ने बताया अचानक गाय उनकी मां की ओर दौड़ी, जब तक मां कुछ समझ पातीं तब तक गाय ने पेट में सींग मार दिया और उसको घसीटते हुए ले गई. इसके बाद हवा में पटक दिया. मां की चीख सुनकर हम सब बाहर दौड़े तो मां का पेट फटा हुआ था और उनके खून निकल रहा था.
महिला को आनन फानन में तुरंत पास के एक अस्पताल में ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उनके पेट में 30 टांके लगाए हैं. अभी उनकी हालत में सुधार नहीं है.