आगरालीक्स…आगरा मेट्रो में अब नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) से कीजिए स्मार्ट सफर. यूपीएमआरसी ने किया लांच. 10 प्रतिशत छूट मिलेगी. जानिए इस कार्ड को कहां—कहां कर सकते हैं प्रयोग, क्या हैं इसके लाभ
मोबिलिटी-एज-ए-सर्विस (MaaS) की दिशा में एक बड़ी छलांग लगाते हुए, उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने मंगलवार को आगरा के ताज महल मेट्रो स्टेशन पर आगरा मेट्रो के लिए नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) लॉन्च किया। मेट्रो के NCMC कार्ड के लॉन्च होने से अब आगरा मेट्रो से यात्रा करना यात्रियों के लिए और भी स्मार्ट हो जाएगा। ताजमहल मेट्रो स्टेशन पर एनसीएमसी कार्ड लॉन्च के अवसर पर एमडी यूपीएमआरसी के साथ निदेशक रोलिंग स्टॉक, निदेशक संचालन, निदेशक निर्माण एवं अवसंरचना, पीडी आगरा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।एनसीएमसी कार्ड के लॉन्च के बाद इसकी विशेषताओं पर आधारित एक लघु फिल्म भी रिलीज की गई। प्रबंध निदेशक ने ताजमहल मेट्रो स्टेशन के एएफसी (ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन) गेट पर पहला एनसीएमसी कार्ड टैप किया। इस अवसर पर प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि, "उत्तर प्रदेश वर्तमान में देश में सबसे अधिक मेट्रो परियोजनाओं पर काम कर रहा है। कानपुर मेट्रो के बाद, आगरा मेट्रो ने उत्तर प्रदेश में एनसीएमसी कार्ड लॉन्च किया है। इस कार्ड का मुख्य लाभ यह है कि यह एक अंतर-संचालनीय परिवहन कार्ड है, अर्थात इस कार्ड का उपयोग देश की अन्य मेट्रो, बस, पार्किंग, खुदरा सेवाओं के लिए भी किया जा सकता है जो एनसीएमसी का अनुपालन करते हैं। एनसीएमसी कार्ड के साथ, यात्री देश भर में आसानी से यात्रा कर सकते हैं। यह यात्रा के दौरान समय और ऊर्जा की बचत के साथ-साथ निर्बाध आवागमन का मार्ग भी प्रशस्त कर रहा है।" उन्होंने कहा, "सिविल निर्माण के क्षेत्र में चुनौतियों पर सफलतापूर्वक काबू पाने के बाद, आगरा मेट्रो ने अब एनसीएमसी जैसी पहलों का व्यापक उपयोग करके परिचालन के क्षेत्र में एक मिसाल कायम की है।" "हमें उम्मीद है कि आगरा के लोग हर बार की तरह हमारे प्रयासों का स्वागत करेंगे और उनसे लाभान्वित होंगे।"
नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) के लाभमेट्रो के गोस्मार्ट और बैंक के एनसीएमसी, डेबिट/क्रेडिट कार्ड पर हर यात्रा पर 10% तक की छूट
एनसीएमसी स्वीकार करने वाली मेट्रो, बसों, पार्किंग और खुदरा सेवाओं में इस्तेमाल किया जा सकता है
यात्रा करने के लिए लाइन में खड़े होने की ज़रूरत नहीं, अपने डेबिट/क्रेडिट कार्ड को स्मार्ट कार्ड की तरह इस्तेमाल करें
23 बैंकों या अन्य मेट्रो द्वारा जारी एनसीएमसी कार्ड से यात्रा करते समय अलग से टिकट खरीदने की ज़रूरत नहीं
एनसीएमसी कार्ड से मेट्रो यात्रा के लिए क्यूआर टिकट खरीदने की सुविधा
एनसीएमसी कार्ड की उपलब्धता
आगरा मेट्रो के सभी स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर उपलब्ध
एनसीएमसी कार्ड जारी करने वाली 23 बैंकों की शाखाओं पर भी उपलब्ध
कार्ड जारी करने का शुल्क: 100 रुपये (वापसी योग्य नहीं)
कार्ड वैध पहचान पत्र और मोबाइल फोन पर ओटीपी के साथ जारी किया जा सकता है
मेट्रो स्टेशनों और टिकट वेंडिंग मशीनों पर टिकट काउंटरों के ज़रिए
इंटरनेट बैंकिंग, डेबिट/क्रेडिट कार्ड/यूपीआई के ज़रिए
कार्ड में न्यूनतम टॉप-अप मूल्य 100 रुपये है, जबकि अधिकतम 2,000 रुपये है।
एनसीएमसी कार्ड के साथ अब आगरा के लोगों के लिए मेट्रो यात्रा आसान और किफायती हो जाएगी। आगरा मेट्रो पहले से ही अपने टिकट काउंटरों और टिकट वेंडिंग मशीनों से डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और यूपीआई के साथ पूर्ण डिजिटल भुगतान मोड के माध्यम से मेट्रो टिकट उपलब्ध करा रही है। एनसीएमसी कार्ड का लॉन्च होना एक बड़ा कदम है। इससे यात्रियों को अब टिकट के लिए कतारों में नहीं लगना पड़ेगा और उन्हें हर बार मेट्रो से यात्रा करने पर 10 प्रतिशत की छूट का लाभ भी मिलेगा। एनसीएमसी कार्ड लॉन्च समारोह में उत्तर प्रदेश मेट्रो और एसबीआई के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।