आगरालीक्स…आगरा में कक्षा 6 की एनसीईआरटी की किताबों का सेट 350 रुपये का और निजी पब्लिशर्स के सेट की कीमत 7—8 हजार के बीच…अभिभावक परेशान
आगरा के स्कूलों नया सेशन शुरू होने जा रहा है. स्कूलों की ओर से अभिभावकों को बच्चों की किताबें—कॉपियों का सेट सहित ड्रेस की स्लिप दी जा रही है. लेकिन किताब कॉपियों का यह सेट एक विशेष दुकान से ही लोगों को मिल रहा है और इनकी जो कीमत है वो काफी हैरान करने वाली है. कक्षा 3 से कक्षा 6 तक का किताब—कापियों का सेट 7 से 8 हजार रुपये तक में मिल रहा है. इसमें भी दुकानदार द्वारा एक भी रुपया कम नहीं किया जा रहा है. अधिकतर स्कूलों में प्राइवेट पब्लिशर्स की बुक्स ही मंगाई जा रही हैं जो कि काफी महंगी हैं.पूरा सेट ही खरीदने को मजबूर
पेरेंटस के सामने जो मजबूरी सबसे अधिक है वो है कि उनको पूरा सैट ही लेना होगा. फुटकर बुक्स या कापियां नहीं दी जा रही हैं. यही नहीं निजी स्कूल संचालकों द्वारा संबंधित स्कूल से अधिकृत बुक्स-स्टेशनरी विक्रेताओं, दुकानदारों से ही पुस्तकें, स्टेशनरी, यूनिफॉर्म आदि की खरीद कराई जा रही है तथा अनावश्यक रूप से तय सिलेबस से अलग पुस्तकें,सप्लीमेंट्री मैटेरियल के रूप में अनावश्यक स्टेशनरी, ज्योमेट्री बॉक्स, ए-4 साइज सिंगल लाइन कॉपी आदि विभिन्न सामान खरीद हेतु विवश किया जा रहा है.
स्कूलों की ओर से जो बुक सेट मंगाया जा रहा है उनमें अधिकतर प्राइवेट पब्लिशर्स की है और इसका सेट 7 से 8 हजार के बीच है. बात करें एनसीईआरटी की तो कक्षा 6 की एनसीईआरटी बुक्स का सेट 350 से 400 रुपये तक में उपलब्ध है. वहीं स्टेशनरी और कॉपियों सहित एनसीईआरटी का सेट 800 रुपये तक का पड़ता है जबकि प्राइवेट पब्लिशर्स का सेट स्टेशनरी और कापियों सहित 8500 रुपये तक का हो रहा है.