आगरालीक्स…आगरा के इस स्कूल में 19 जून तक स्कूल खोलने के हैं आदेश. स्कूल के इस फरमान से पेरेंट्स परेशान. कहा—लगभग सभी स्कूलों में हो चुकी हैं गर्मियों की छुट्टियां….
आगरा में बेसिक और माध्यमिक स्कूलों में 20 मई से गर्मियों की छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं. शहर के लगभग सभी निजी स्कूलों ने भी गर्मियों की छुट्टियां दे दी हैं लेकिन आगरा के दिल्ली पब्लिक स्कूल में अभी भी कक्षाएं चल रही हैं. अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल की ओर से शासनादेश का उल्लंघन किया जा रहा है और 19 जून तक कक्षाएं संचालित करने का फरमान जारी किया गया है. 20 जून से दो जुलाई तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा और चार जुलाई से स्कूल फिर से खुल जाएंगे.

स्कूल द्वारा जारी किए गए इस आदेशों से पेरेंट्स परेशान हैं. कुछ पेरेंट्स ने विरोध दर्ज कराते हुए प्रिंसिपल को ईमेल भी भेजा है. यही नहीं पेरेंट्स ने इस मामले में डीएम कार्यालय में भी सूचना दी है. वे शुक्रवार को डीएम से मिलने जाएंगे. वहीं इस मामले में जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि शासनादेश के विपरीत गर्मी की छुट्टियों में सकूल चलाए जाने पर स्कूल प्रशासन से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा. डीएम को भी इस मामले की जानकारी दी जाएगी.
4400 में से 44 पेरेंट्स ही कर रहे विरोध
वहीं इस मामले में डीपीएस के चेयरमैंन सुनील अग्रवाल ने बताया कि 4400 में से 44 अभिभावक ही स्कूल खोले जाने का विरोध कर रहे हैं. अधिकतर को छुट्टियां घूमने के लिए चाहिए. उन्होंने कहा कि कोरोना काल में दो साल तक पढ़ाई प्रभावित रही, इसलिए अतिरिक्त कक्षाएं चलाई जा रही हैं. जब स्कूल एसी बस और एसी कक्षाएं उपलब्ध करा रहा है तो पढ़ाने में परेशानी क्या है. इस संबंध में जिला प्रशासन जो निर्णय लेगा, वो माना जाएगा.