आगरालीक्स…आगरा में सरेआम फायरिंग करने वाला पुलिस ने दबोचा. महिला के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर उसके पति को पीटा था, बाद में दहशत फैलाने को किए थे फायर
आगरा के थाना एत्माद्दौला अंतर्गत कालिंदी विहार में सरेआम फायरिंग करने और छेड़छाड़ का विरोध करने पर महिला के पति के साथ मारपीट और उसकी दुकान पर तोड़फोड़ करने वाले दबंग आरोपी को पुलिस ने धर दबोच लिया है. पुलिस ने इसके पास से एक पिस्टल और दो तमंचे भी बरामद किए हैं. आरोपी पहले भी जेल जा चुका है.

ये है पूरा मामला
कालिंदी विहार में रहने वाला आरोपी पप्पू चौहान काफी समय से एक महिला को परेशान कर रहा था. आते—जाते समय रास्ते में वह महिला के साथ अश्लील हरकतें करता था और छेड़छाड़ करता था. महिला ने इसकी शिकायत अपने पति से की तो पति ने पप्पू चौहान का विरोध किया. इससे गुस्साए पप्पू चौहान ने महिला के पति की दुकान पर पहुंचकर जमकर तोड़फोड़ और मारपीट कर डाली. इसके बाद क्षेत्र में दहशत फैलाने के लिए हवा में ताबड़तोड़ फायरिंग कर डाली. इसका सीसीटीवी वीडियो भी वायरल हो गया था. पीड़िता की तहरीर पर आरोपी पप्पू चौहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था.
सोमवार को पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया. पुलिस के अनुसार आरोपी पप्पू चौहान पर आधा दर्जन से अधिक अभियोग दर्ज हैं और वह पहले भी जेल जा चुका है. पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल व दो तमंचे भी बरामद किए हैं.