आगरालीक्स…आगरा में आज रात को 100 प्वाइंट पर तैनात रहेगी पुलिस. नये साल के जश्न में बहकते मिले तो सुबह होगी हवालात में. इन चौराहों पर सबसे अधिक होगी चेकिंग
नये साल का जश्न शुरू होने में कुछ ही घंटों का समय शेष रह गया है. रात को 9 बजे के बाद से शहर के होटल्स, रेस्टोरेंट्स और रूफटॉप्स के साथ क्लब्स में पार्टी शुरू हो जाएंगी. इन जगहों पर देश के नामी गिरामी बैंड्स और डीजे आए हुए हैं. कॉकटेल और मॉकटेल के साथ नये साल का स्वागत डांस और उत्साह के साथ किया जाएगा लेकिन आगरा की सड़कों पर पुलिस तैनात रहेगी जो कि जश्न में डूबकर नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्ती बरतेगी. आगरा में 100 स्थानों पर पुलिस तैनात रहेगी.

आज रात को अगर कोई व्यक्ति नशे में चूर होकर या फिर नियमों का पालन न करते हुए पुलिस को दिखा तो उसकी नई साल की सुबह हवालात में होगी. 100 प्वाइंट्स बनाए गए हैं जहां पुलिस की चेकिंग रहेगी. बैरियर लगाकर पुलिस तैनात रहेगी और यातायात के नियमों का पालन न करने वालों और नये साल के जश्न में हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. तेज गति और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई होगी. बस और रेलवे स्टेशनों के पास भी चेकिंग की जाएगी.
इन चौराहों पर होगी सबसे अधिक सख्ती
फतेहाबाद रोड के हर चौराहों के अलावा एमजी रोड के हर चौराहा और हाइवे के चौराहों पर सबसे अधिक पुलिस तैनात रहेगी. इसके अलावा शहर की पॉश कॉलोनियों के बाहर भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे.