आगरालीक्स…आगरा में होगा “पीपीएल 2025” क्रिकेट टूर्नामेंट. आगरा के युवाओं को प्रोफेशनल मंच देने की दिशा में होगा काम. जल्द गूंजेगा खेल का जुनून और जोश
शहर में खेल प्रेमियों के लिए खुशखबरी! क्रिकेट के जुनून और युवा प्रतिभाओं के जोश से सराबोर, "प्राशा प्रीमियर लीग" (पीपीएल 2025) का बिगुल बज चुका है। कमला नगर स्थित होटल डीडी सुइट्स में आयोजित भव्य पोस्टर विमोचन समारोह के साथ इस बहुप्रतीक्षित टूर्नामेंट की शुरुआत की घोषणा की गई। प्राशा इवेंट्स द्वारा आयोजित यह लीग न केवल क्रिकेट का रोमांच लेकर आ रही है, बल्कि आगरा के युवाओं को एक प्रोफेशनल मंच और राष्ट्रीय स्तर की पहचान दिलाने की दिशा में भी एक सशक्त कदम है।आयोजक प्राप्ति माहेश्वरी ने बताया कि यह टूर्नामेंट न केवल युवा खिलाड़ियों को मंच देगा, बल्कि शहर में खेल संस्कृति को नई ऊंचाई प्रदान करेगा। अगस्त माह के अंत में T20 लीग के रूप में यह मैच संपन्न होंगे। 20 से अधिक टीम मैच का रोमांच शहर के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। हर शहर से रजिस्ट्रेशन आमंत्रित हैं। टीम के साथ-साथ एकल रजिस्ट्रेशन भी हो सकते हैं। यह पूरी तरह से निशुल्क क्रिकेट लीग रहेगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर, कोच व सिलेक्टर रोहित झालानी ने आयोजन को पूर्ण समर्थन देते हुए सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और युवाओं को इस मौके का भरपूर लाभ उठाने का संदेश दिया।
आयोजक राज गुप्ता ने बताया कि इस टूर्नामेंट का उद्देश्य युवाओं को प्रोफेशनल स्तर का अनुभव देना और उनके आत्मविश्वास को नई उड़ान देना है। उन्होंने यह भी साझा किया कि आयोजन समिति में रामाकांत सागर (निदेशक, होल्ड द होप सोसायटी), ऋतु गर्ग, चेतन अग्रवाल, सचिन पचौरी, वीकेश, करन और यांशु शामी जैसे सक्रिय सदस्य शामिल हैं, जो टूर्नामेंट की सफलता के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। गौरव तिवारी ने कहा कि प्राशा प्रीमियर लीग सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को पंख देने वाली एक प्रेरणादायक पहल है। यह मंच युवाओं को अपने हुनर को दुनिया के सामने लाने, आत्मविश्वास के साथ खेलने और खेल भावना को आत्मसात करने का मौका देगा। इसी महत्व को देखते हुए ओटीटी चैनल पर भी यह मैच लाइव प्रसारित किए जाएंगे।
डॉ. प्रियंका भारद्वाज एवं अमित खत्री ने आयोजकों को बधाई देते हुए बताया कि इस लीग में इंटरनेशनल क्रिकेट खेल चुके कई दिग्गज खिलाड़ी भी भाग लेंगे, जिससे इसका स्तर और रोमांच कई गुना बढ़ जाएगा। इस अवसर पर प्रवीण अग्रवाल, तरुण सिंह, सचिन 'शुभ' शर्मा, अभिषेक गुप्ता आदि उपस्थित रहे।