आगरालीक्स…नवरात्रि का पावन पर्व कल से शुरू हो रहा है, इस खास मौके पर लोग व्रत रखते हैं, लेकिन क्या गर्भवती महिलाएं व्रत रख सकती हैं ? अगर हां तो कैसे ? जानें मल्होत्रा नर्सिंग एंड मैटरनिटी होम की निदेशक डॉ. नीहारिका मल्होत्रा से…
आगरा में नवरात्र में भक्त नौ दिनों तक व्रत रखते हैं। कई गर्भवती महिलाएं इन पावन दिनों में व्रत रखने की सोचती हैं। हालांकि व्रत रखने को लेकर गर्भवती महिलाओं को बहुत सावधान रहना चाहिए क्योंकि इस समय मां को कई जरूरी पोषक तत्चों की जरूरत होती है जो शिशु के विकास में मदद कर सकें।
डॉ. नीहारिका मल्होत्रा ने बताया कि आम तौर पर ही जब एक महिला गर्भवती होती है तो उसको और उसके पूरे परिवार को उसके खान—पान का ध्यान रखना होता है। इसमें भी जब आप नवरात्रि में व्रत रखने के बारे में सोच रहे हों तो यह सावधानी और भी बढ़ जाती है। व्रत रखने की इच्छुक महिलाओं को हम थोड़ी-थोड़ी देर में कम मात्रा में खाने की सलाह देते हैं ताकि ब्लड शुगर लेवल मैनेज रहे और रोजाना की पोषण की आवश्यकता भी पूरी हो जाए। इस समय लंबे समय तक व्रत रखने की सलाह नहीं दी जाती है। हालांकि, अगर आप नवरात्र में व्रत रख रही हैं, तो आपको इस दौरान कुछ सावधानियां बरतनी होती हैं जिससे बच्चा और मां दोनों स्वस्थ रहें।
क्या गर्भावस्था में व्रत रखना सही है ?
डॉ. नीहारिका के अनुसार अगर मां का स्वास्थ्य पूरी तरह से सही है। शरीर में एनीमिया या पोषक तत्वों की किसी प्रकार कमी नहीं है तो अपने डॉक्टर से बात करके और उनकी निगरानी में व्रत रह सकती हैं। इससे गर्भवती और गर्भस्थ शिशु को किसी तरह के शारीरिक और मानसिक नुकसान की संभावना नहीं रहती है। एक बार फिर सलाह है कि अपने डॉक्टर से बात करने के बाद ही व्रत रखें।
ऐसी रखें डाइट
— व्रत के दौरान हर दो घंटे के गैप पर कुछ न कुछ पोषण युक्त खाते रहें।
— शरीर में तरल पदार्थों की कमी न होने दें, इसके लिए फलों के जूस, नारियल, पानी, लस्सी, छाछ जैसी चीजों का सेवन करते रहें।
— कम से कम दो से तीन ऐसे फल खाएं जिससे आपको एनर्जी मिलती रहे।
— दिन की शुरूआत में ही फाइबर और प्रोटीन जैसे फल, दूध और नट्स का सेवन कर लें।
— भूख लगने पर बीच—बीच में मखाने, काजू मगर सीमित मात्रा में सेवन कर सकते हैं।