आगरालीक्स…आगरा में एसएन में शुरू होगी बर्न यूनिट, जले हुए मरीजों का होगा इलाज. न्यूरो सर्जरी आपरेशन थियेटर भी होगा शुरू, मरीज होंगे भर्ती. प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा ने किया एसएन का निरीक्षण…दिए निर्देश
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में आज प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने निरीक्षण किया. उन्होंने एसएनएमसी में चिकित्सा व्यवस्थाओं के साथ सभी वार्डों और विभागों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने चाइल्ड केयर यूनिट, बर्न यूनिट, ट्रॉमा सेंटर के अंदर न्यूरो सर्जरी के लिए आपरेशन थियेटर शुरू करने और मरीजों को भर्ती करने के आदेश दिए. इसके अलावा उन्होंने एसएन में शोध कार्यों को बढ़ावा देने और सभी को मिलकर काम करने के लिए कहा. एसएनएमसी के प्रधानाचार्य डॉक्टर प्रशांत गुप्ता ने प्रमुख सचिव को मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करवाया. प्रमुख सचिव ने इमरजेंसी ओटी में न्यूरो सर्जरी ओटी को विशेष रूप से स्थापित करने के लिए निर्देशित किया. उन्होंने बताया कि इमरजेंसी में नया सीटी स्कैन आम जनता के लिए आज से शुरू हो गया है. उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में मदर एंड चाइल्ड केयर यूनिट स्थापित हो गई है साथ ही बर्न केयर यूनिट का कार्य भी पूर्ण हो गया है, अतः इन दोनों यूनिट्स को शीघ्र ही उपयोग में लाया जाए. प्रमुख सचिव ने कहा कि जहां भी मरीज़ हित में किसी आवश्यक इक्विपमेंट या अस्पताल के आवश्यक कार्य की जरूरत हो उसको रोगी कल्याण समिति और आयुष्मान फण्ड के माध्यम से पूर्ण किया जा सकता है. प्रमुख सचिव ने मेडिकल कॉलेज में रिसर्च को बढ़ावा देने के लिए भी जोर दिया साथ ही उन्होंने पीजी सीट्स की बढ़ोतरी के लिए प्रयास करने की भी बात कही.
उन्होंने मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए रोगी कल्याण समिति के माध्यम से सुविधा देने की बात कही. Renal ट्रांसप्लांट इस वर्ष शुरू करने करने की भी बात कही। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के लेडी लॉयल एक्सटेंशन परियोजना की समीक्षा की व कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता पूर्वक 2 वर्ष में कार्य पूर्ण किया जाने की बात कही. उन्होंने मेडिकल कॉलेज की मुख्य उपलब्धियां की सराहना की, जिसमें मुख्य रूप से लाइनेक् ब्लॉक की स्थापना जिससे कैंसर के मरीजों को विशेष रूप से लाभ प्राप्त हुआ है एवं एमबीबीएस व पीजी सीट्स की बढ़ोतरी के साथ ही आईसीयू के अपग्रेडेशन व एडवांसमेंट शामिल हैं.


