आगरालीक्स…वंदे भारत से आगरा आ रही दो विदेशी महिला पर्यटकों का बैग ट्रेन में छूटा. रेलवे स्टाफ की तत्परता से सुरक्षित ढूंढकर सौंपा
ट्रेन संख्या 20172 (हजरत निजामुद्दीन – रानी कमलापति वन्देभारत एक्सप्रेस) के ई-2 कोच की सीट संख्या 7 एवं 8 पर निजामुद्दीन से आगरा कैंट यात्रा कर रही दो फिलीपींस की महिला यात्री जिसमें लुइस्फ कैले महिला यात्री का एक हैंडबैग ट्रेन में छूट गया था। इस संबंध में सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन द्वारा त्वरित कार्यवाही की गई।आरपीएफ कंट्रोल को जानकारी देने के पश्चात् ट्रेन में कार्यरत ऑन ड्यूटी आरपीएफ स्टाफ द्वारा संबंधित कोच में जाकर जांच की गई, जिसमें उक्त हैंडबैग सुरक्षित अवस्था में प्राप्त हुआ।
इसके बाद वाणिज्य नियंत्रक आगरा ने उप स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य) ग्वालियर से समन्वय किया। ग्वालियर स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने पर आरपीएफ द्वारा उक्त बैग उप स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य) ग्वालियर को सौंपा गया। इसके उपरांत, समन्वय स्थापित कर गाड़ी संख्या 22469 के कार्यरत आरपीएफ स्टाफ द्वारा उक्त बैग उप स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य) आगरा को सुरक्षित रूप से सुपुर्द किया गया। ऑन ड्यूटी उप स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य) आगरा, श्री रवि कुमार द्वारा महिला यात्रियों को उनका छूटा हुआ बैग सही सलामत लौटाया गया।
महिला यात्रियों ने अपना बैग (जिसमें कीमती सामान) पाकर अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की और रेलवे प्रशासन तथा ऑन ड्यूटी स्टाफ का हृदय से आभार प्रकट किया। उन्होंने रेलवे कर्मियों की ईमानदारी, तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता का यह एक उत्कृष्ट उदाहरण है।