आगरालीक्स …..जीवन अमूल्य है, इसे समझें, आगरा में हादसों की रोकथाम के लिए युवा पीढ़ी को जागरूक करने की मुहिम।

आगरा कॉलेज, आगरा के ऑडिटोरियम में ‘सड़क सुरक्षा और हमारा समाज’ पर कार्यशाला आयोजित की गई।
अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अरुण चंद्र ने अपने उद्बोधन में कहा कि सड़कों पर चलते समय हमें बहुत सजग एवं सावधान रहने की जरूरत है। क्योंकि हमारा जीवन अमूल्य होता है ,उन्होंने युवाओं से अपील की कि वह वाहनों का अनुचित प्रयोग ना करें तथा गति पर नियंत्रण रखते हुए वाहन चलाएं, उन्होंने कहा कि रफ्तार के इस युग में संयम एवं अनुशासन की महती आवश्यकता है।
प्राचार्य प्रो.अनुराग शुक्ल ने कहा कि यातायात नियमों के अनुपालन से जहां सड़कें भी सुरक्षित रहेंगी वहीं सड़कों पर चलने वाले भी सुरक्षित रहेंगे, उन्होंने अपने उद्बोधन में भावुक होते हुए कहा कि सड़कों का रंग काला ही रह रहे वह किसी के रक्त के रंग से लाल ना होने पाए। छात्र-छात्राओं का जीवन हमारे लिए अति महत्वपूर्ण है क्योंकि यह राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं, उन्होंने प्राकृतिक व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि ब्रह्मांड की सारी व्यवस्थाएं नियमित संचालित होती हैं ,उसी प्रकार मनुष्य को भी व्यवस्थित रूप में नियम पूर्ण आचरण करना चाहिए।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. शिव कुमार सिंह ने स्वागत भाषण एवं विषय प्रवर्तन करते हुए यातायात के नियमों के अनुपालन सुनिश्चित करने पर बल दिया तथा सामाजिक जीवन में इनकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि अनियंत्रित वाहनों के प्रयोग से जो ध्वनि प्रदूषण होता है उससे टिनिटस, कार्डियोवैस्कुलर एवं डिमेंशिया जैसी बीमारियों का जन्म होता है, जो शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है।