आगरालीक्स…आगरा में हजारों लोगों ने किसा साईं चरण पादुका के दर्शन. आगरा से चरण पादुकाओं की हुई दिव्य विदाई. आस्था के सागर में डूबा रहा आगरा”
प्रताप पुरा स्थित द रमाना ग्रांड में पिछले दो दिनों से साईं भक्ति का जो अलौकिक प्रवाह उमड़ रहा था, उसने पूरे शहर को दिव्यता से सराबोर कर दिया। शिरडी से पधारी पावन साईं चरण पादुकाओं की उपस्थिति ने वातावरण में ऐसी आध्यात्मिक ऊर्जा भर दी कि हर आगंतुक भक्त भाव-विभोर हो उठा। भजनों की मधुर ध्वनि, भक्तों की आस्था, और चरण पादुकाओं के दर्शन का अनुपम सौभाग्य—सब मिलकर आगरा को साईं भक्ति के अद्वितीय उत्सव का साक्षी बना गए। समापन क्षणों में जब पादुकाएं आगे की यात्रा को रवाना हुईं, तो परिसर भावनाओं से भर उठा और श्रद्धालुओं की आँखें स्वयं ही सजल हो गईं।दो दिवसीय साईं चरण पादुका दर्शन महोत्सव का समापन सोमवार को अद्भुत और भक्तिमय वातावरण में हुआ।
महोत्सव के अंतिम सत्र में डीसीपी पश्चिम जोन अतुल शर्मा, एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ, डीआईजी शैलेश पांडे, डीजी आरपीएफ सेवानिवृत्त अरुण कुमार, श्री साईं संस्थान विश्वस्तव्यवस्था शिरडी के सीईओ दीपक मोहन, आईआरएस आदित्य प्रकाश भारद्वाज, पूर्व विधायक महेश गोयल, राजीव जोशी, राहुल चतुर्वेदी विशेष रूप से दर्शन करने पहुंचे। सभी ने चरण पादुकाओं के समक्ष आस्था से शीष नवाया और शांति, सद्भाव एवं जनकल्याण की कामना की। उनके आगमन से भक्तों में हर्ष और उत्साह और बढ़ गया।
समापन का सबसे भावपूर्ण क्षण था भजन गायक पुनीत खुराना की भजन संध्या। उनकी सुरीली भक्ति-स्वर लहरियों—“साईं दा दरबार निराला,” “तेरी लीला अपरंपार,” “साईं मेरे मन बस जाए”—ने संपूर्ण वातावरण को महाशांत, दिव्य और भावात्मक बना दिया। भक्तों ने हाथ जोड़कर, दीपक जलाकर और ‘साईं राम’ के जयकारों के साथ अपने मन को साईं भाव में भिगो दिया।
विदाई के क्षणों में छलके भाव
जब साईं चरण पादुका अपनी आगे की यात्रा के लिए प्रस्थान करने लगीं, तो माहौल भावुक हो उठा। श्रद्धालुओं की आँखें नम हो गईं। किसी ने साईं बाबा का स्मरण किया, किसी ने मनोकामना के पूरे होने की बात कही—और कई भक्तों ने हाथ जोड़ विदाई देते हुए कहा कि इस दिव्य दर्शन को वे आजीवन स्मरण रखेंगे।
समिति ने जताया आभार
संयोजक अशोक रैना और अध्यक्ष नितिन कोहली ने सभी भक्तों, अतिथियों, भक्त-सेवकों और प्रशासनिक अधिकारियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। कहा कि यह आयोजन केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि साईं प्रेम का उत्सव था, जिसे हर भक्त ने अपनी श्रद्धा से सफल बनाया। स्वागत अध्यक्ष अजय गुप्ता और राजेश गोयल ने कहा कि इस दो दिवसीय महोत्सव ने आगरा में साईं भक्ति का एक नया अध्याय लिख दिया। साईं चरण पादुकाओं की दिव्य उपस्थिति ने हर भक्त को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।