आगरालीक्स…आगरा में बनने जा रहा है श्रीहरि कथा प्रशिक्षण आवासीय विद्यालय. पोइया गांव में भूमि पूजन, बनेगा भूमि पर सुंदर भवन.
अपना आगरा अब धर्मांतरण के अनैतिक उद्देश्यों पर अंकुश लगाने और हिंदुत्व की रक्षा करने में अपनी एक प्रभावशाली भूमिका निभाएगा। यह संभव होगा आगरा में श्री हरि कथा प्रशिक्षण केंद्र की नींव रखे जाने के बाद। 24 फरवरी (सोमवार) को सुबह गांव पोइया में इसके लिए धार्मिक विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया। रतनलाल शांति स्वरूप गोयल शिक्षा सदन की नींव रखे जाने के बाद अब भूमि पर भवन का जल्द ही निर्माण शुरू हो जायेगा। इस भवन की नींव रखे जाने के लिए हुए भूमि पूजन बाद आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लखनऊ से आए एकल अभियान के राष्ट्रीय संगठन प्रभारी माधवेंद्र सिंह ने कहा कि निश्चित रूप से सबसे बड़ा श्री हरि कथा प्रशिक्षण केंद्र आगरा में होगा। इसका शुभारंभ हो गया है।
विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विभाग संघ चालक चौधरी राजन सिंह ने श्री हरि सत्संग समिति के हिंदू धर्म रक्षा कार्यक्रमों हेतु अतुलनीय सहयोग एवं श्री हरि कथा प्रशिक्षण केंद्र स्थापना की भूरि-भूरि प्रशंसा की। श्री हरि सत्संग समिति के अध्यक्ष शांति स्वरूप गोयल ने कहा कि स्वरूप चंद गोयल जी ने ही मुझे श्री हरि सत्संग समिति से जोड़ा था, मेरी एक चौथाई उम्र इस सेवा कार्य से जुड़े हुए गुजर गई। हम वृंदावन, अयोध्या आदि के कई श्री हरि कथा एकल प्रशिक्षण केंद्रों के लिए यहां कथाओं का आयोजन करके सहायता धनराशि जुटा कर भेजते थे। विचार आया क्यों न हम आगरा में ही एक विद्यालय खोलें। इसी उद्देश्य से हमने आज एक विद्यालय के आवासीय भवन की नींव रखी है। जो जल्द बनकर तैयार हो जाएगा।
16 कमरे बनेंगे प्रशिक्षण लेने वाले वनवासियों के लिए
समिति के संयोजक संजय गोयल ने बताया शांति स्वरूप गोयल ने साढ़े बारह सौ गज जमीन दान दी है, इस पर जो भवन बनेगा उसमें एक अध्ययन के लिए हॉल, एक भोजन के लिए हॉल होगा, 16 कमरे बनेंगे, हरेक में चार वनवासी प्रशिक्षणार्थी रहेंगे। कॉमन टॉयलेट, स्टोर, रसोई एवं ऑफिस बनेगा। समारोह में राम शरण मित्तल बाबूजी, महिला समिति की अध्यक्ष अंशु अग्रवाल भी मंचासीन रहीं। स्वागत की श्रृंखला में गोपाल गुप्ता द्वारा माधवेंद्र सिंह का, विजय गोयल द्वारा चौधरी राजन सिंह का, श्याम सुंदर द्वारा राम शरण मित्तल का, अनिल अग्रवाल द्वारा शांति स्वरूप गोयल का और मधु गोयल द्वारा अंशु अग्रवाल तथा गायत्री गोयल का माला पहनाकर स्वागत किया। मंच संचालन भगवान दास बंसल ने किया। इस अवसर पर रजत अस्थाना, एलडी अग्रवाल, संजय मित्तल, संजय कंसल, उमेश त्यागी, रमेश मित्तल, उमेश कंसल, अशोक माहेश्वरी, राहुल बंसल आदि मौजूद रहे।