आगरालीक्स…आगरा में भव्यता के साथ शुरू हुआ श्रीकृष्ण लीला महोत्सव. मुकुट पूजन और गणेश जी की सवारी निकली.भक्तों ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत
भक्ति, परंपरा और सांस्कृतिक गौरव का अद्भुत संगम बना आगरा का ऐतिहासिक श्रीकृष्ण लीला महोत्सव, जो इस वर्ष अपने 102वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। शनिवार को महोत्सव का शुभारंभ गौशाला प्रांगण स्थित हनुमान जी मंदिर में मुकुट पूजन और श्री गणेश जी की सवारी के साथ हुआ। मुकुट पूजन विधि-विधानपूर्वक विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, लीला समिति के संरक्षक डॉ. विजय किशोर बंसल, गौशाला समिति के महामंत्री सुनील सिंघल, नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के अध्यक्ष संजय गोयल, अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, लीला संयोजक शेखर गोयल, पार्षद मुरारी लाल गोयल, गिर्राज बंसल, सुमन गोयल द्वारा किया गया।
पूजन के उपरांत श्री गणेश जी की सवारी का नगर भ्रमण गौशाला प्रांगण बल्केश्वर रोड से आरंभ हुआ। सवारी की अगुवाई बैंड-बाजों ने की, जिनके साथ जय श्रीकृष्ण के उद्घोषों से पूरा मार्ग भक्तिमय वातावरण में डूब गया। शोभायात्रा का मार्ग रहा जीवनी मंडी, बेलनगंज, कचहरी घाट, रावतपाड़ा, सुभाष बाजार, जौहरी बाजार, कस कसेरट बाजार, छिली ईंट घटिया, सिटी स्टेशन, धूलियागंज, बेलनगंज तिकोनिया और पुनः गौशाला प्रांगण। मार्ग में श्रद्धालुओं ने सवारी पर पुष्पवर्षा कर गणेश जी का भव्य स्वागत किया।