आगरालीक्स…आगरा के जयपुर हाउस में शुरू हुई श्रीमद्भागवत कथा. भव्यता के साथ निकली कलश यात्रा
श्रीमद्भागवत कथा में श्रीहरि की महिमा का अमृतपान सुनने के लिए आज आयोजित कलश यात्रा में भक्ति से सराबोर भक्तों का उत्साह नजर आया। बैंड बाजों संग झूमते नाचते सैकड़ों भक्तजनों ने सिर पर मंगल कलश लेकर सम्पूर्ण क्षेत्र में भ्रमण किया। पीताम्बर परिधान में श्रंगारित महिलाएं श्रीहरि के भजनों की भक्ति में डूबी नजर आयी। कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
जयपुर हाउस स्थित जैन स्मृति भवन से विधि विधान के साथ कलश यात्रा का शुभारम्भ हुआ। टोरन्ट कार्यालय, हनुमान मंदिर सहित जयपुर हाउस क्षेत्र में भ्रमण करते हुए कलश यात्रा ने पुनः कथा स्थल पर पहुंचकर विराम लिया। जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कलशों की स्थापना की गई। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि व्यासपीठाचार्य किशोरी जानकी देवी द्वारा सात दिवसीय श्रीमद्बागवत कथा में प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक कथा की अमृत वर्षा होगी। प्रथम दिन श्रीभागवत कथा का महत्व, धुंधकारी की कथा, दूसरे दिन मंगलाचरण, सोनक जी द्वारा शिवजी के साथ प्रश्नोत्तरी, नारद जी के पूर्व जन्म की कथा, तीसरे दिन राजा परीक्षित को श्राप, शुकदेव जी का आगमन, विदुर, सति चरित्र, चौथे दिन, ध्रुव चरित्र, भगवान के अवतारों की कथा, जड़ भक्त, भक्त प्रह्लाद की कथा, पांचवें दिन समुन्द्र मंथन, वामन अवतार, श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं, छठे दिन रासलीला, कंस वध, रुकमणी विवाह, सातवें दिन सुदामा चरित्र, भगवान कृष्ण-उद्धव संवाद, राजा परीक्षित को मुक्ति की कथा होगी।
आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा का लाभ लेने की अपील की है। इस अवसर पर मुख्य रूप से संत गुरमुख दास,लक्ष्मण कल्याणी, परीक्षित सुरेश कल्याणी, खुशी कल्याणी, अर्जुन दास, अंजना भारानी, मीरा कल्याणी, कान्ता, लक्ष्मी, शुशी, लवीना, पूजा भोजवानी,सोनम मुलानी, मधु केवलरामानी, हेमंत भोजवानी, जयप्रकाश धर्मानी, घनश्याम मुलानी, सुनील करमचंदानी, रिया सहजवानी ,खुशी वासवानी, कन्हैया सोनी, संजय नॉतनानी, मनोज नोतनानी, राम बाबानी, हरीश लालवानी, दीपक खेमानी, गुलशन तुलसानी आदि उपस्थित थे।