आगरालीक्स…एमसीएक्स पर चांदी 1.10 लाख रुपये गिरी. सोने में भी 20 हजार रुपये की गिरावट. आगरा के सराफा बाजार में भी सन्नाटा…
लगातार बढ़ते दामों के कारण लोगों के होश उड़ा रही चांदी अब अपनी गिरावट से चौंका रही है. 30 जनवरी को गोल्ड और सिल्वर मार्केट क्रैश हो गया. प्रॉफिट बुकिंग के कारण मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी एमसीएक्स पर चांदी 1.10 लाख रुपये तक गिर गई. इसके बाद 1 किलो चांदी की कीमत 2.91 लाख रुपये पर आ गई. एक दिन पहले यानी 29 जनवरी को चांदी की कीमत एमसीएक्स पर 4.01 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थी. वहीं एमसीएक्स पर सोना भी 20 हजार रुपये गिरा है. 10 ग्राम सोना 1.49 लाख रुपये पर आ गया. 29 जनवरी को सोना 1.69 लाख रुपये पर था.सर्राफा बाजार में इतना हुआ दाम
सर्राफा बाजार में चांदी 40638 रुपये और सोना 9,545 रुपये सस्ता हुआ है. इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अनुसार एक किलो चांदी की कीमत सराफा बाजार में 3,39,350 रुपये किलो पर आ गई है तो वहीं 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 1,65,795 रुपये पर आ गया है.
जानिए क्यों एमसीएक्स और सराफा बाजार में दाम अलग—अलग
एमसीएक्स एक आनलाइन प्लेटफार्म है जहां सोने—चांदी की ट्रेडिंग होती है. शेयर बाजार की तरह हर सेकंड पर बोलियां लगती है, जिससे दाम लगातार ऊपर नीचे होते हैं.वायदा बाजार रात 12 बजे तक चलता है जिससे दाम लगातार ऊपर नीचे होते हैं.
सराफा वजह जगह है जहां आफ फिजिकल सोना—चांदी खरीदते हैं. फिजिकल गोल्ड को लाने, ले जाने और स्टोर करने काखर्च इसमें जुड़ा होता है. सराफा बाजार शाम पांच बजे बंद हो जाता है, इस वजह से यहां कीमतों में वायदा बाजार की तुलना में कम गिरावट देखी गई.
चांदी और सोने के रेट में लगातार हो रही बढ़ोत्तरी से परेशान आगरा के बुलियन कारोबारियों के अचानक से चांदी और सोने के रेट में आई गिरावट से होश उड़ गए. इसका असर मार्केट में भी देखा जा रहा है, यहां सन्नाटा सा पसरा हुआ है. सहालग के लिए तैयार हो रहे बाजार में खलबली मची हुई है, जिन्होंने एक दिन पहले यानी 29 जनवरी को खरीदारी की थी, वे एक दिन बाद यानी 30 जनवरी को ज्वैलरी खरीदते तो सस्ती पड़ती. चांदी और सोने के रेट में गिरावट से आने वाले समय में बाजार पर और ज्यादा असर पड़ सकता है