आगरालीक्स…आगरा के अंबेडकर विवि के गेस्ट लेक्चरर पर छात्राओं से अभद्र व्यवहार करने की शिकायत. गेस्ट लेक्चरर को हटाया..जांच कमेटी गठित
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि के पालीवाल पार्क परिसर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्राम्य विकास संस्थान संचालित है. इसमें बीए, एमए सहित अन्य कोर्स संचालित हैं. कुछ महीने पहले ही संस्थान में एक गेस्ट लेक्चरर ने ज्वाइन किया है. गेस्ट लेक्चरर पर कुछ छात्रों ने आरोप लगाया है कि इनके द्वारा छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है.
गेस्ट लेक्चरर को हटाया, कमेटी गठित
इस मामले में संस्थान के एचओडी डॉ. मनोज राठौर के अनुसार गेस्ट लेक्चरर को हटा दिया गया है. इस मामले की शिकायत मिलने के बाद तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है. कमेटी तीन दिन में अपनी रिपोर्ट देगी. इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
रिसर्च स्कॉलर के शारीरिक शोषण के आरोप में प्रोफेसर जा चुके हैं जेल
अंबेडकर विवि के खंदारी परिसर स्थित आईबीएस के प्रोफेसर गौतम जैसवार पर रिसर्च स्कॉलर ने दो वर्ष तक शारीरिक शोषण के आरोप लगाए थे. इस मामले में थाना न्यू आगरा पुलिस ने प्रोफेसर को अरेस्ट कर जेल भेज दिया था. प्रोफेसर की पत्नी ने अपनी पति को साजिश के तहत फंसाने की बात कही थी. इस मामले की भी विवि में जांच चल रही है.