आगरालीक्स…आगरा में एयरगन से छात्र की हुई मौत. जांघ और प्राइवेट पार्ट में लगे थे छर्रे. पांच दोस्तों पर एफआईआर
आगरा में थाना बसई अरेला क्षेत्र के गांव बसई अरेला में संदिग्ध परिस्थितियों में एयर गन चलने से घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक अपने दोस्तों के साथ निर्माणाधीन मकान में ट्यूशन पढ़ने गया था। इसी दौरान वहां रखी शिकारी एयर गन को देखकर छात्र कथित तौर पर रील बनाने लगे। इसी दौरान बंदूक से अचानक फायर हो गया और युवक के छर्रे लग गए। गोली/छर्रे लगने से युवक की जांघ और प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोटें आईं। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।
मामले में मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने उसके पांच छात्र दोस्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस घटना के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि एयर गन से फायर किन परिस्थितियों में हुआ और घटना के समय मौके पर मौजूद छात्रों की भूमिका क्या थी। फिलहाल पुलिस दोस्तों से पूछताछ के साथ घटनास्थल और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।