आगरालीक्स…बटेश्वर मेले में छाई रौनक. ऊंट और घोड़ों से खचाखच भरा मेला.
कोरोना काल के बाद बटेश्वर में ऊंट और घोड़ों का मेला खचाखच भर गया है। स्थानीय जानकार कहते हैं कि लंबे अरसे बाद बटेश्वर मेले में हजारों की संख्या में घोड़ा-घोड़ी देखने को मिले हैं। ऊंट का मेले में भी राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों से व्यापारी और किसान पहुंचे हैं। मेला में सांचोरी, बाड़मेरी, जैसलमेरी, बीकानेरी ऊंट बड़ी तादाद में हैं। सड़क के दोनों ओर मेला खचाखच भरा है।
जिला पंचायत ने बटेश्वर मेले में पेयजल और प्रकाश की व्यवस्था तो कर ही दी थी। सुरक्षा को लेकर व्यापारी सवाल उठा रहे थे। रविवार को ऊंट और घोड़ों के मेले में पुलिस चौकी का गठन हो गया। तंबू तनने के बाद फोर्स की भी तैनाती हो गई है। सुरक्षा को लेकर चिंतित व्यापारी और किसानों ने राहत की सांस ली है। बटेश्वर मेला में घोड़ा और ऊंट बिकने से किसान खुश हैं, लेकिन खरीददारी को पहुंचे व्यापारी कहते हुए सुने गये कि इस साल मेला बहुत मंहगा बिक रहा है। मेला में नकुली, अबलक, काठियाबाड़ी, मारवाड़ी घोड़े-घोड़ी खूब बिके हैं।