आगरालीक्स…आगरा में गोवर्धन लीला को देख भक्त हुए भाव विभोर. श्रीमद भागवत कथा में हुआ प्रकृति संरक्षण संदेश से सराबोर गोवर्धन लीला प्रसंग
कमला नगर स्थित भोले बाबा पार्क में चल रहे श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ के पंचम दिवस की कथा में कथा व्यास आचार्य ब्रजकिशोर वशिष्ठ ‘भैया जी’ ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, गोवर्धन लीला, गौ–सेवा और अन्नकूट महोत्सव के दिव्य महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि गोवर्धन लीला केवल एक चमत्कारिक प्रसंग नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण, पर्वत-वन जल स्रोतों के संवर्धन और गौपूजन का शाश्वत संदेश है। कृष्ण ने इंद्र पूजा के स्थान पर गोवर्धन पूजन का संकेत देकर समाज को प्रकृति–आधारित जीवनशैली अपनाने का मार्ग दिखाया।कथा व्यास ने श्रीकृष्ण की नटखट बाल लीलाओं—माखन चोरी, गोपालों संग क्रीड़ा, गायों के प्रति असीम स्नेह—का रसपूर्ण वर्णन कर वातावरण को कृष्णमय कर दिया। उन्होंने छप्पन भोग की परंपरा का महत्व बताते हुए कहा कि यह भगवान के प्रति प्रेम और कृतज्ञता का अनुपम प्रतीक है। कथा में भक्तों ने गोवर्धन महाराज की स्थापना कर परंपरागत पूजन, परिक्रमा एवं गौ–पूजन संपन्न किया। “गिरिराजधरण की जय” और “गोवर्धन महाराज की जय” से पूरा परिसर गूंज उठा। इसके बाद अन्नकूट महोत्सव में विविध व्यंजनों से सुसज्जित प्रसादी भक्तों में वितरित की गई। प्रसाद ग्रहण कर श्रद्धालुओं ने आनंद, संतोष और भक्ति की दिव्य अनुभूति प्राप्त की।
इस अवसर पर श्री कृष्ण के स्वरूप द्वारा गोवर्धन लीला का भावपूर्ण रूप धारण कर भव्य मंचन भी प्रस्तुत किया गया, जिसने पूरे पंडाल को दिव्यता और आनंद से भर दिया। व्यास पूजन मुख्य यजमान श्री कृष्णा मिश्रा, दैनिक यजमान डॉ. जीएस जैन, देवेंद्र शर्मा, लोकेश गर्ग, राजू गुप्ता, रवि अग्रवाल, राजीव शर्मा, मुकेश अग्रवाल ने सपत्नीक किया। व्यवस्थापक योगेश जैसवाल, प्रियंका मिश्रा, राधा शर्मा, राजेश्वरी शर्मा, रजनी अग्रवाल, प्रीति गुप्ता, नीरज जैसवाल आदि उपस्थित रहे।