आगरालीक्स…आगरा फोर्ट स्टेशन पर होगा ‘महाराजा ट्रेन’ का नियमित ठहराव. पर्यटन सीजन 2026-27 में विशेष रूप से चलाई जाएगी ‘महाराजा एक्सप्रेस’ पर्यटक ट्रेन…आज शाही अंदाज में आगरा फोर्ट स्टेशन पहुंची ‘महाराजा एक्सप्रेस’
आगरा मंडल के ऐतिहासिक आगरा फोर्ट स्टेशन पर पर्यटन सीजन 2026-27 के अंतर्गत विश्वप्रसिद्ध शाही पर्यटक ट्रेन ‘महाराजा एक्सप्रेस’ का नियमित ठहराव प्रारंभ हो गया है। ट्रेन के आगमन से स्टेशन परिसर की रौनक और भी बढ़ गई। अपनी भव्यता, आकर्षक साज-सज्जा एवं शाही सुविधाओं के लिए प्रसिद्ध ‘महाराजा एक्सप्रेस’ ने ऐतिहासिक आगरा फोर्ट स्टेशन पर अपनी शानदार उपस्थिति दर्ज कराई। महाराजा एक्सप्रेस के माध्यम से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भारत की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं स्थापत्य विरासत को करीब से जानने और अनुभव करने का अवसर मिलता है। यह विशेष पर्यटक ट्रेन पर्यटकों को शाही सुविधाओं के साथ भारत के प्रमुख पर्यटन स्थलों की यात्रा कराती है, जिससे उनका सफर एक यादगार अनुभव बनता है।
आगरा फोर्ट स्टेशन पर पहुंचने के दौरान पर्यटकों ने स्टेशन पर उपलब्ध स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण की सराहना की। पर्यटकों ने स्टेशन पर अपने अनुभव को सुखद एवं यादगार बताते हुए यहां बिताए समय को अपनी ऐतिहासिक यात्रा का विशेष हिस्सा बताया। ऐतिहासिक महत्व से परिपूर्ण आगरा फोर्ट स्टेशन पर ‘महाराजा एक्सप्रेस’ का नियमित ठहराव प्रारंभ होना पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इससे आगरा की ऐतिहासिक पहचान और शाही पर्यटन अनुभव के बीच एक विशेष जुड़ाव स्थापित होता है।
महाराजा एक्सप्रेस के संचालन की निर्धारित तिथियां
पर्यटन सीजन 2026-27 में महाराजा एक्सप्रेस (द इंडियन स्प्लेंडर), ट्रेन संख्या 00240 का संचालन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निम्न तिथियों में किया जाएगा— 11 अक्टूबर 2026, 08 नवंबर 2026, 06 दिसंबर 2026, 03 जनवरी 2027, 31 जनवरी 2027, 28 फरवरी 2027 एवं 28 मार्च 2027।
महाराजा एक्सप्रेस के आगमन से आगरा फोर्ट स्टेशन की ऐतिहासिक गरिमा और भव्यता को एक नया आयाम मिला है। शाही ट्रेन और ऐतिहासिक स्टेशन का यह संगम देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।