आगरालीक्स…आगरा के सूरसदन में हुआ ‘रीडेवलपमेंट’ नाटक. यादगार नाट्य संध्या ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
ताजनगरी के प्रसिद्ध सूरसदन प्रेक्षागृह में डॉ. बरुन सरकार सांस्कृतिक एवं खेल फाउंडेशन द्वारा रंगलोक संस्थान के सहयोग से एक यादगार नाट्य संध्या का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रख्यात लेखक जावेद सिद्दीकी द्वारा लिखित और दिग्गज निर्देशक सलीम आरिफ के निर्देशन में तैयार व्यंग्य नाटक ‘रीडेवलपमेंट’ का मंचन किया गया। फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. बरुन सरकार और उनके परिवार ने एक बार फिर कला और संस्कृति के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता को सिद्ध किया है। आगरा के सांस्कृतिक परिवेश को जीवंत बनाए रखने और शहरवासियों को विश्वस्तरीय रंगमंच से जोड़ने का जो बीड़ा डॉ. सरकार एवं उनके परिवार ने उठाया है, वह अत्यंत प्रशंसनीय है। उनके अथक प्रयासों के कारण ही आगरा की धरती पर ऐसे उच्च कोटि के नाटक संभव हो पा रहे हैं। लुबना सलीम के अभिनय ने जीता दिलनाटक की मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध अभिनेत्री लुबना सलीम रहीं। उन्होंने अपने सधे हुए अभिनय से 'आशा और हकीकत' के बीच झूलती भावनाओं को जिस सूक्ष्मता के साथ मंच पर उतारा, उसने दर्शकों को तालियाँ बजाने पर मजबूर कर दिया। उनकी संवाद अदायगी और मंच पर उनकी प्रभावशाली उपस्थिति ने नाटक को एक नई ऊँचाई प्रदान की। इस आयोजन की सफलता में रंगलोक संस्थान और इसके सूत्रधार डिम्पी मिश्रा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। डिम्पी मिश्रा के कुशल प्रबंधन और स्थानीय स्तर पर रंगमंच को दिए जा रहे उनके निरंतर सहयोग की सभी गणमान्य अतिथियों ने प्रशंसा की। कार्यक्रम के अंत में डॉ. बरुन सरकार फाउंडेशन ने सलीम आरिफ जी और लुबना सलीम जी का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे ही सार्थक सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।