आगरालीक्स… आगरा से यमुना एक्सप्रेस-वे होकर नोएडा जा रहे हैं तो गाड़ी की रफ्तार कम रखें। पहले ही दिन तेज रफ्तार तीन हजार से ज्यादा वाहन चालकों का चालान।
वाहनों की गतिसीमा कर दी गई कम
यमुना एक्सप्रेस-वे पर कोहरे के कारण 15 दिसंबर से 15 जनवरी के लिए वाहनों की अधिकतम गति सीमा कम कर दी गई है। पहले ही दिन तीन हजार वाहन चालकों ने अधिकतम गति सीमा का उल्लंघन किया है, उनके खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की गई है।
जागरुकता को एलईडी बोर्ड और स्टीकर
वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए यमुना एक्सप्रेस वे पर गति सीमा के स्टीकर लगाए गए हैं। एलईडी बोर्ड के जरिये भी जागरूक किया जा रहा है।
आगरा से ग्रेनो तक की दूरी 165 किमी
आगरा से ग्रेटर नोएडा तक 165 किमी लंबे यमुना एक्सप्रेस वे पर सामान्य दिनों में हल्के वाहनों के लिए अधिकतम सौ किमी प्रति घंटा गति सीमा निर्धारित है, लेकिन सर्दियों में कोहरे के कारण यमुना एक्सप्रेस वे पर हादसे की आशंका काफी अधिक हो जाती है। दृश्यता कम होने के कारण तेज रफ्तार वाहन टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं।
छोटे वाहन 75 किमी और भारी वाहन 60 किमी
हादसों की रोकथाम के लिए यमुना प्राधिकरण ने एक्सप्रेस वे पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा को सौ किमी प्रति घंटा से घटाकर 75 किमी प्रति घंटा कर दिया है। भारी वाहनों के लिए इसे 80 किमी प्रति घंटा से घटाकर 60 किमी प्रति घंटा कर दिया है।