आगरालीक्स…आगरा के कारोबार के लिए साल 2022 संजीवनी देकर जा रहा है। कोरोना की मार के बाद पहली बार हर सेक्टर में आई जान।

बड़े से लेकर छोटे कारोबार तक को रही राहत
आगरा के कारोबार के लिए वर्ष 20-22 संजीवनी साबित हुआ है। बाजार में 2022 की शुरुआत से ही जान आ गई थी। कोरोना का भय निकलने के बाद बाजारों में जान आ गई। ऑटो सेक्टर, रियल स्टेट से लेकर छोटे व्यापारियों के लिए साल फायदेमंद साबित हुआ।
लग्जरी गाड़ियों की बिक्री ने बनाया रिकॉर्
इस वर्ष महंगी और लग्जरी गाड़ियों की खूब बिक्री हुई। पूरे साल दो पहिया लेकर चार पहिया वाहनों की बिक्री का आलम यह रहा कि लोगों को कुछ समय के लिए इंतजार करना पड़ा।
कुछ लग्जरी गाड़ियों पर अभी भी वेटिंग
कुछ अच्छे ब्रांड की गाड़ियों की अभी तक वेटिंग चल रही है। लग्जरी गाड़ियों को खरीदने के लिए आसपास के जिलों के लोगों ने आगरा में बुकिंग करा रखी है। इलेक्ट्रिक वाहन भी खासे बिके हैं।
सर्राफा बाजार भी रहा गुलजार

सर्राफा कारोबार भी इस वर्ष अच्छा रहा। सोना और चांदी की कीमतों में दीपावली के बाद तक नरमी रहने और डालर की कीमतें बढ़ने पर लोगो ने इन दोनों मूल्यवान धातुओ में खासा निवेश किया।
दीपावली के बाद आई है कुछ सुस्ती
दीपावली पर कई सौ करोड़ की खरीद होने के साथ इस बार सहालग लंबा चलने से इस कारोबार में भी जान आ गई। हालांकि अब सोने और चांदी कीमतों में तेजी से कुछ समय से कुछ सुस्ती आ गई है।
करोड़ों रुपये की मिठाई खा गए आगरावासी
शहर के अन्य कारोबारों में मिठाई कारोबार भी इस बार खूब चमका। 2022 की शुरुआत, होली, रक्षाबंधन, दिवाली पर कई सौ करोड़ रुपये का कारोबार होने से दो साल से मंदी की मार झेल रहे धंधे में रौनक आ गई। कारीगरों को भी भरपूर काम मिला।
जमीन-भवनों की खूब हुई खरीद-फरोख्त
रियल स्टेट कारोबार भी ठीकठाक रहा। जमीन, भवनों की खऱीद-फरोख्त के साथ लोहे पर दाम कम होने से भवन निर्माण के कार्यों में भी तेजी रही। साल की शुरुआत से पहले कई भवनों के निर्माण शुरू हुए और दीपावली तक तो इनका शुभारंभ भी हो गया।
बाजार को सुधारने में सहालग का बड़ा हाथ
इस बार सहालग में कई शुभ मुहूर्त रहने की वजह से शादियों की वजह से मिट्टी से लेकर सोना तक की खरीद ठीक-ठाक रही। इस दौरान खाद्यान्न की कीमतों में उतार-चढ़ाव का सिलसिला भी रहा लेकिन जरूरतों के मुताबिक खरीद होने से लोगों को यह साल किसी तरह से अखरा नहीं।