आगरालीक्स…आगरा में रेस्टोरेंट पर युवक की हत्या के दो मुख्य आरोपी एनकाउंटर में अरेस्ट. खाने के पैसों को लेकर हुआ था विवाद. वीडियो वायरल करने वाला मनोज चौधरी उर्फ मनोज चाहर भी गिरफ्त में…
आगरा के थाना ताजगंज में रेस्तरां संचालक के भाई की गोली मारकर हत्या करने की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. थाना ताजगंज पुलिस, सर्विलांस और एसओजी की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए मर्डर के मुख्य अभियुक्त प्रियांश यादवतथा शिवम बघेल को एनकाउंटर में अरेस्ट किया है. इनके साथ गुलफाम मर्डर केस में षड्यंत्र कर अपनी इंस्टाग्राम आईडी से वीडियो वायरल करने वाला आरोपी मनोज चौधरी उर्फ मनोज चाहर को भी अरेस्ट किया गया है.23 अप्रैल् को रात 11 बजे हुआ था मर्डर
23 अप्रैल को रात 11 बजे रेस्तरां संचालक का भाई गुलफान पुत्र इमाम, सैफ अली और जीशान व मुन्ना सभी ताजनगरी फेस 1 स्थित शाहिद अली चिकन बिरयानी दुकान पर मौजूद थे. इसी दौरान बाइक सवार तीन अज्ञात दुकान पर आए और गुलफान तथा सैफ अली को गोली मारकर मौके से फरार हो गए. दोनों को अस्पताल ले जाया गया जहां पर डॉक्टरों ने गुलफान निवासी संजय कॉलेनी थाना शाहगंज को मृत घोषित कर दिया. सैफ अली को गोली रगड़ कर निकली जिससे वह सुरक्षित था. घटना के संबंध में गुलफान के भाई विलाल ने थाना ताजगंज को सूचना दी और अगले दिन मुकदमा दर्ज कराया.
मुठभेड़ में किए हत्या के आरोपी
पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार, पुलिस उपायुक्त सोनम कुमार के नेतृत्व में, सैय्यद अरीब अहमद (PPS) सहायक पुलिस आयुक्त, ताज सुरक्षा के कुशल पर्यवेक्षण में, पुलिस टीमों का गठन किया गया. गठित टीमों द्वारा घटना से जुड़े सभी पहलुओं का गहन विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्यों के सूक्ष्म परीक्षण एवं सीसीटीवी फुटेज से प्राप्त साक्ष्यों की जांच की जा रही थी, इसी क्रम में आज सोमवार को पुलिस टीमों के द्वारा 02 मुख्य अभियुक्तों प्रियांश यादव पुत्र वीरेश यादव तथा शिवम बघेल पुत्र रमन सिंह को पुलिस मुठभेड के दौरान अरेस्ट किया गया. इसके अलावा सहअभियुक्त मनोज चौधरी उर्फ मनोज चाहर पुत्र नारायण सिहं को गिरफ्तार किया गया.
खाने के पैसो को लेकर हुआ था विवाद, मर्डर कर लिया बदला
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका शाहिद अली चिकन बिरयानी रेस्टोरेंट में पूर्व में खाने के पैसों को लेकर मृतक गुलफान से विवाद हुआ था जिसके कारण तीनों अभियुक्तों प्रियांश यादव, शिवम बघेल, पुष्पेन्द्र बघेल (वांछित अभियुक्त) द्वारा जान से मारने की नीयत से गुलफान को गोली मारी व सैफ अली पर भी हमला किया गया जिसमें गुलफान की उपचार के दौरान मृत्यु हो गयी थी तथा सैफ अली को गोली रगड़ कर निकली तथा वह सुरक्षित था. मृतक गुलफान को अभियुक्त पुष्पेन्द्र बघेल (वांछित अभियुक्त) के द्वारा तथा मृतक के भाई सैफ अली को अभियुक्त शिवम बघेल के द्वारा गोली मारी गयी तथा तीसरे अभियुक्त प्रियांश यादव जो कि घटना में मौके पर था, के द्वारा घटना का वीडियों बनाया गया था.
इसके अतिरिक्त पुलिस द्वारा पीड़ित परिवार से बातचीत की गयी जिसमें पीड़ित परिवार द्वारा बताया गया कि हमला करने से पूर्व हमलावर अभियुक्तों ने किसी प्रकार से जाति, धर्म न पूछकर पुराने विवाद के चलते हमला किया। इस सम्बन्ध में विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स एवं माइक्रोब्लॉगिंग साइट्स पर जिनके द्वारा गैर जिम्मेदाराना पोस्ट / टिप्पणियां की गयीं, उनकी जाँच की जा रही है एवं विवेचना में भी उनकी भूमिका की जांच की जायेगी.
पकड़े गए आरोपियों के नाम
- प्रियांश यादव पुत्र वीरेश यादव नि० ग्राम करभना थाना ताजगंज कमिश्नरेट आगरा उम्र करीब 21 वर्ष
- शिवम बघेल पुत्र रमन सिहं नि० ग्राम करभना थाना ताजगंज कमिश्नरेट आगरा उम्र करीब 20 वर्ष
- मनोज चौधरी उर्फ मनोज चाहर पुत्र नारायण सिहं नि० नगला भूरिया थाना मलपुरा कमिश्नरेट आगरा उम्र करीब 25 वर्ष
वांछित अभियुक्तों का विवरणः-
- पुष्पेन्द्र बघेल पुत्र कोमल बघेल नि0 ग्राम करभना थाना ताजगंज कमिश्नरेट आगरा
बरामदगी का विवरणः-
- दो अदद तमंचा 315 बोर
- दो खोखा कारतूस व दो जिंदा कारतूस 315 बोर
- एक मोटरसाइकिल बजाज डिस्कवर