आगरालीक्स….आगरा—लखनऊ एक्सप्रेस वे, बारिश और 140 की रफ्तार….डिवाइडर से टकराई कार, चार से पांच बार पलटी, पहिये तक हुए अलग…तीन युवकों की मौत…सीट बेल्ट से दो की बची जान
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद करीब चार से पांच बार पलट गई। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो लोग घायल हो गए। हादसा डौकी थाना क्षेत्र में सुबह करीब सात बजे हुआ। पुलिस के मुताबिक, कार की रफ्तार करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटा थी। दिल्ली से बलिया जा रही कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और कई बार पलटते हुए एक्सप्रेस-वे से नीचे जा गिरी। हादसे में पिछली सीट पर बैठे जयप्रकाश, भूपेंद्र और कपिल कार से उछलकर नीचे खाई में जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
कार में आगे बैठे चालक जसवंत और चंद्रकांत ने सीट बेल्ट लगा रखी थी। हादसा बेहद भीषण होने के बावजूद सीट बेल्ट लगे होने के कारण दोनों की जान बच गई। दोनों को घायल अवस्था में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार का आगे और पीछे का हिस्सा बुरी तरह टूट गया, जबकि साइड का हिस्सा भी पिचक गया। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के पहिए तक अलग हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को एक्सप्रेस-वे से हटवाया। थाना प्रभारी डौकी सुनीत शर्मा ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि दो लोग घायल हैं। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।