आगरालीक्स…आगरा में जुटेंगे उद्योगपति, किसान और महिलाएं. ताजनगरी फेयर ट्रेड फोरम इंडिया का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन दस नवंबर से
भारत में कुटिर उद्योग व हस्तशिल्प को बढ़ावा और छोटे उद्यमियों, किसान व महिलाओं के उत्थान के लिए फेयर ट्रेड फोरम का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन इस बार ताज नगरी में होटल क्लार्क-शीराज में 10-11 को होने जा रहा है। जिसमें देशभर के विभिन्न संगठनों के लगभग 70 प्रतिनिधि भाग लेंगे व कुटिर उद्योग के उत्थान, विकास और सुधार पर विचार मंथन करेंगे। उद्देश्य सूक्ष्म व कुटिर उद्योग को मजबूती प्रदान कर देश के हर गांव को आत्मनिर्भर बनाना है।
फोरम के उपाध्यक्ष राजेश कुमार व सचिव अनुराग मित्तल ने बताया कि फोरम से देश की 100 से अधिक संस्थाएं जुड़ी हैं जो दो लाख से अधिक उद्यमियों, किसान व महिलाओं के विकास के लिए कार्य कर रही है। नेशनल पॉलिसी तैयार कर सरकार से चर्चा करने जैसे विषयों से लेकर महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण युवाओं का शहर की ओर पलायन जैसी समस्याओं का समाधान और ईको फ्रेंडली उत्पाद, पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर विचार मंथन होगा।

बताया कि फोरम द्वारा कुटिर उद्योग के क्षेत्र में उचित और निष्पक्ष व्यापार के लिए चल रहा अभियान मुख्यतः 10 सिद्धांतों पर काम कर रहा है। 11 नवम्बर को महिला शक्तिकरण विषय पर पैनल डिसकशन होगा। 10 नवम्बर को दोपहर 3 बजे अधिवेशन का उद्घाटन मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य करेंगी। 11 नवम्बर को समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक व विशिष्ट अतिथि राकेश सचान कैबिनेट मंत्री व पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह होंगे। 12 नवम्बर को एजीएम में फोरम का नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।