आगरालीक्स…आगरा रीजन के फिरोजाबाद में कारोबारी की छत से गिरकर मौत. बंदरों के झुंड ने किया था हमला….पक्षियों को दाना डालने गए थे छत पर. मौत के बाद बाजार बंद
आगरा रीजन के फिरोजाबाद जिले में आज बंदरों के हमले के कारण छत से गिरे एक चूड़ी कारोबारी की मौत हो गई. उन्हें घायल अवस्था में आगरा लाया गया था जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. कारोबारी की मौत से क्षेत्र का बाजार बंद रहा. कारोबारी पर जिस समय बंदरों ने हमला किया, उससे पहले वह छत पर पक्षियों को दाना डाल रहे थे.
यहां का है मामला
मामला फिरोजाबाद के थाना दक्षिण के मोहल्ला नई बस्ती का है. यहां 35 वर्षीय आशीष अग्रवाल रहते थे. आज सुबह वह करीब छह बजे पक्षियों को दाना डालने अपने मकान की छत पर गए थे. दाना डालते समय वहां बंदरों का एक झुंड आ गया. इससे पहले कि आशीष कुछ समझ पाते बंदरों ने उन पर हमला बोल दिया. घबराए आशीष ने पड़ोसी सुकुमार जैन की छत पर कूदने की कोशिश की लेकिन वो अनियंत्रित हो गए और पहली मंजिल से नीचे गिर गए. नीचे गिरने ेक बाद उनका सिर बुरी तरह से लहूलुहान हो गया.
आशीष को नीचे लहूलुहान पड़ा देख परिजनों में चीख पुकार मच गई. आनन फानन में उन्हें प्राइवेट ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने भर्ती करने से मना कर दिया. इसके बाद परिजन उन्हें आगरा ले गए लेकिन यहां पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. इधर कारोबारी की मौत की खबर सुनकर क्षेत्र के व्यापारियों में शोक की लहर दौड़ गई. व्यापारियों ने नई बस्ती बाजार बंद कर दिया.