आगरालीक्स…होली पर बज रहा था डीजे. आपरेशन करवाकर लौटी बहू को हो रही थी दिक्कत. विरोध किया तो सिर पर डंडा मारकर कर दी हत्या…
आगरा में होली पर डीजे बजाने का विरोध करने पर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई. ग्रामीण ने आपरेशन कराकर लौटी बहू को हो रही दिक्कत के कारण डीजे बंद करने को कहा था, लेकिन आरोप है कि इसके बाद विवाद में ग्रामीण की सिर में डंडा मारकर हत्या कर दी. मुकदमा दर्ज किया गया है.

ये है मामला
घटना मलपुरा थाना क्षेत्र के कुठावली की है. बुधवार को यहां 55 वर्षीय ग्रामीण प्रेम सिंह की सिर में डंडा लगने से मौत हो गई. बताया जाता है कि प्रेम सिंह की पुत्रवधु 5 मार्च को अस्पताल से घर लौटी थी. उसे आपरेशन से बच्चा हुआ था. होली पर बाहर तेज आवाज में डीजे बज रहा था जिसके कारण पुत्रवधु को दिक्कत हो रही थी. इस पर प्रेम सिंह और उनकी पत्नी डीजे की आवाज कम करने की कहने लगे. बताया जाता है कि इसी बात पर उनका विवाद हो गया और आरोप है कि पड़ोसियों ने लाठी डंडों से हमला बोल दिया जिसमें सिर में डंडा लगने से प्रेम सिंह की मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.