Agra news: Vivah Panchami on November 28: How was the marriage of Lord Shri Ram and Mother Sita, what is the belief
आगरालीक्स…विवाह पंचमी 28 नवंबर की है। आखिर कैसे हुआ था प्रभु श्री राम व माता सीता का विवाह, जानिये महत्व और मान्यता।
मर्यादित जीवन की नियमावली को लिए था अवतार

श्री गुरु ज्योतिष शोध संस्थान एवं गुरु रत्न भण्डार वाले ज्योतिषाचार्य पं.हृदय रंजन शर्मा कहते हैं देवी सीता और प्रभु श्री राम सिर्फ महर्षि वाल्मिकी द्वारा रचित रामायण की कहानी के नायक नायिका नहीं थे, बल्कि पौराणिक ग्रंथों के अनुसार वे इस समस्त चराचर जगत के कर्ता-धर्ता भगवान श्री विष्णु और माता लक्ष्मी का रुप थे जिन्होंनें धर्म की पुनर्स्थापना और मनुष्य जाति के लिये एक आदर्शवादी और मर्यादित जीवन की नियमावली एवं मिसाल कायम करने के लिये धरती पर मानव रूप में अवतार लिया।
अगहन शुक्ल पंचमी को जीता था श्रीराम ने स्वयंवर
गृहस्थ जीवन में जब भी आदर्श पति-पत्नी का जिक्र होता है तो आज भी प्रभु श्री राम और माता सीता की उदाहरण दी जाती है। माता सीता और प्रभु श्री राम के विवाह के दिन को आज भी उत्सव के रूप में मनाया जाता है। मार्गशीर्ष ( अगहन ) महीने की शुक्ल पंचमी ही वह तिथि थी जब प्रभु श्री राम मिथिला में आयोजित सीता स्वयंवर को जीतने के बाद माता सीता से विवाह किया था। इसीलिये इस दिन को विवाह पंचमी पर्व के रूप में मनाया जाता है। इस वर्ष विवाह पंचमी का पर्व 28 नवम्बर को सोमवार के दिन है।
🌟कैसे हुआ था प्रभु श्री राम व माता सीता का विवाह
🔥यह तो सभी जानते हैं कि प्रभु श्री राम और माता सीता का विवाह स्वयंवर के उपरांत हुआ था जिसमें भगवान श्री राम ने शिव धनुष को न सिर्फ उठाया बल्कि प्रत्यंचा चढ़ाते हुए वह टूट भी गया था।लेकिन स्वयंवर का यह किस्सा रामचरित मानस में हैं वाल्मिकी रचित रामायण में स्वंयवर का कोई जिक्र नहीं है। वाल्मिकी रामायण में जो लिखा है उसे सुनकर तो आप चौंक जायेंगें। दरअसल प्रभु श्री राम और माता सीता के विवाह के समय सीता की उम्र केवल 6 वर्ष की थी। वाल्मिकी रामायण में एक जगह माता सीता कहती हैं कि वह विवाह के पश्चात 12 वर्ष तक अयोध्या में सुख चैन से रहीं उसके बाद श्री राम को वनवास मिला तो उस समय प्रभु श्री राम की आयु 25 वर्ष तो उनकी आयु 18 वर्ष की थी। इसमें से 12 वर्ष विवाह के पश्चात अयोध्या
में बिताये यानि की जब माता सीता और प्रभु श्री राम का विवाह हुआ तो उनकी उम्र 6 साल थी और प्रभु श्री राम 13 वर्षीय किशोर राजकुमार थे। वाल्मिकी ने किसी स्वयंवर का जिक्र नहीं किया है। वाल्मिकी रामायण के अनुसार महर्षि विश्वामित्र के साथ राम-लक्ष्मण मिथिला पंहुचें थे। विश्वामित्र ने ही महाराजा जनक से प्रभु श्री राम को शिव धनुष दिखाने की कही थी। खेल खेल में प्रभु श्री राम ने वह धनुष उठा लिया और प्रत्यंचा चढ़ाते समय वह टूट गया। महाराजा जनक ने यह प्रण ले रखा था कि जो भी इस धनुष को उठा लेगा सीता का विवाह वह उसी के साथ करेंगें तो इस घटना के पश्चात जनक ने महाराजा दशरथ को बुलावा भेजा और विधिपूर्वक राम और सीता का विवाह संपन्न करवाया।
🌺विवाह पंचमी के दिन कई जगह नहीं होते विवाह
विवाह पंचमी का दिन धार्मिक दृष्टि से वैसे तो बहुत शुभ माना जाता है लेकिन कई क्षेत्रों में खासकर नेपाल के मिथिला में क्योंकि माता सीता वहीं प्रकट हुई थी, इस दिन बेटियों का विवाह करना शुभ नहीं माना जाता। इसके पिछे लोगों की यही मान्यता है कि विवाहोपरांत सीता को बहुत कष्ट झेलने पड़े थे।
वनवास के बाद भी नहीं मिला था सुख
🌻वनवास समाप्ति के पश्चात भी उन्हें सुख नहीं मिला और गर्भवती अवस्था में जंगल में मरने के लिये छोड़ दिया गया था। महर्षि वाल्मिकी के आश्रम में ही तमाम दुख:सुख सहते उनकी उम्र बीती। इसी कारण लोग सोचते हैं कि उनकी बेटियों को भी माता सीता की तरह कष्ट न उठाने पड़ें तो इस दिन विवाह नहीं करते। इतना ही नहीं विवाह पंचमी के पर्व को मनाने के लिये यदि कोई कथा का आयोजन भी करता है तो कथा सीता स्वयंवर और प्रभु श्री राम और माता सीता के विवाह संपन्न होने के साथ ही समाप्त कर दी जाती है। इससे आगे की कथा दुखों से भरी है इसलिये इस दिन कथा का सुखांत ही किया जाता है और विवाहोपरांत की कथा नहीं कही जाती।
सुखी दांपत्य जीवन की की जाती है कामना
🌸मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम-सीता के शुभ विवाह के कारण ही विवाह पंचमी का पर्व अत्यंत पवित्र माना जाता है। भारतीय संस्कृति में राम-सीता आदर्श दम्पत्ति माने गए हैं। इस पावन दिन सभी को राम-सीता की आराधना करते हुए अपने सुखी दाम्पत्य जीवन के लिए प्रभु से आशीर्वाद प्राप्त करना चाहिए।