आगरालीक्स…आगरा में बादलों की आवाजाही और बारिश से मौसम खुशनुमा है. तापमान भी तीन डिग्री सेल्सियस नीचे तक गिर गया है. आने वाले दिनेां में ऐसा रहेगा मौसम…
आगरा में काले घने बादलों की आवाजाही और कभी-कभी बारिश होने के साथ ही हवाएं चल रही हैं. ऐसे में मौसम खुशनुमा हो गया है. तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया है. इसके कारण लोगों को उमसभरी गर्मी से काफी हद तक राहत है. सोमवार को भी सुबह से काले घने बादलों की आवाजाही लगी रही. बीच-बीच में सूर्य देव भी अपने किरण बिखेर देते जब बादल जाते. हालांकि हवाएं चलने से मौसम अच्छा रहा. शाम को एक या दो बार हल्की बारिश भी हुई.

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को आगरा का अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और ये सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगरा में फिलहाल आने वाले दिनों में ऐसा ही मौसम रहेगा. बादल भी छाएंगे और बारिश भी होगी. 18 अगस्त को मौसम साफ हो सकता है और दिनभर धूप निकल सकती है.